बांदा। घर के कमरे के अंदर किशोरी ने फंदा लगाकर जान दे दी। खेत से लौटी मां ने देखा तो परिजनों को जानकारी हो सकी।
कमासिन थाना क्षेत्र के तिलौसा गांव निवासी अर्चना (17) ने शनिवार की दोपहर सूने घर में कमरे में बल्ली से रस्सी से फंदा लगा लिया। घटना के समय मां गुड़िया देवी भैंस को चराने खेत गई थी। पिता राजेंद्र प्रसाद भी जानवरों को देखने गया था। देर शाम जब दोनों लौटे तो अर्चना फंदे से लटकी मिली। चाचा अभिलाष कुमार ने बताया कि उनके घर में अर्चना की दादी खत्म हो गई थीं और एक रिश्तेदार महिला के डिलीवरी हुई थी। इसलिए घर में पूजा पाठ नहीं होती है। फिर भी अर्चना ने पूजा घर की लिपाई पुताई कर दी थी।
भाई रमाकांत ने बताया कि कोई समस्या नहीं थी। उसने यह कदम क्यों उठाया उसे पता नहीं है। कमासिन थानाध्यक्ष राजेश मौर्य ने बताया कि खुदकुशी है। परिजन कारण नहीं बता सके।