बांदा। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में वृद्ध व किशोरी को सांप ने डस लिया। इससे उनकी मौत हो गई।
कमासिन थाना क्षेत्र के भीती गांव निवासी लखपत (55) रात में घर के बाहर लघुशंका के लिए गए थे। तभी वह अंधेरे में फिसल गए और सर्प के ऊपर गिर पड़े। जिससे सर्प ने उनको पैर और हाथ में डस लिया। जिससे उनकी हालत बिगड़ गई। परिजन उन्हें लेकर रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज लेकर आए। यहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घर में पत्नी बिट्टी व तीन पुत्र हैं। कमासिन थानाध्यक्ष राजेश मौर्य ने बताया कि सर्प दंश से मौत हुई है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।
उधर, बबेरू कोतवाली क्षेत्र के बदौली गांव निवासी प्रांशी देवी (13) को शनिवार की शाम खेत में सांप ने डस लिया। इससे उसकी हालत बिगड़ गई। परिजन उसे सीएचसी बबेरू ले गए वहां से रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। वहां उसकी मौत हो गई।