- दो दिन चिकित्सकों की निगरानी में रखने के बाद वन स्टॉप सेंटर भेजी गई किशोरी
- शुक्रवार को मजिस्ट्रेट के सामने दर्ज होंगे बयान, मंगलवार रात बिगड़ी थी हालत
अमर उजाला ब्यूरो
बांदा। बिसंडा थाने से फरार दुष्कर्म के आरोपी मलखान यादव से छुड़ाई गई किशोरी की हालत में सुधार है। गर्भपात के बाद उसे मेडिकल कॉलेज में चिकित्सकों की निगरानी में दो दिन रखा गया। बृहस्पतिवार को हालत बेहतर होने पर उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। वन स्टॉप सेंटर की टीम उसे वापस ले गई।
शनिवार को पुलिस ने मलखान को गिरफ्तार कर किशोरी को वन स्टॉप सेंटर भेजा था। इससे पहले मेडिकल के दौरान उसके तीन माह की गर्भवती होने की बात सामने आई थी। किशोरी को मंगलवार रात को तबीयत बिगड़ने पर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। जांच के दौरान वह पांच माह की गर्भवती थी। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों को सर्जरी करनी पड़ी थी। गर्भपात के बाद उसे लगातार निगरानी में रखा गया। उधर, आरोपी मलखान यादव थाने से फरार होने के तीन दिन बाद बुधवार को अधिवक्ता के साथ नाटकीय ढंग से एसपी कार्यालय पहुंचा था। यहां उसने आत्मसमर्पण कर दिया था। आरोपी का कहना था कि वह किशोरी से मिलने के लिए थाने से भागा था।
बृहस्पतिवार को दोपहर बाद मेडिकल कॉलेज से छुट्टी मिलने के कारण किशोरी के बयान दर्ज नहीं हो सके। अब शुक्रवार को मजिस्ट्रेट के सामने उसके बयान दर्ज कराए जाएंगे। सीओ बबेरू कृष्णकांत त्रिपाठी ने बताया कि किशोरी की हालत बेहतर है। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद उसे वन स्टॉप सेंटर भेज दिया गया है।