नरैनी (बांदा)। शौचालय गई 17 वर्षीय किशोरी को पड़ोसियों ने बंधक बना लिया। उस पर घर की बहू बनने का दबाव डाला। किशोरी की मां की सूचना पर पहुंची पुलिस ने किशोरी को पड़ोसियों के घर से छुड़ाया। मां की तहरीर पर आरोपी पिता-पुत्र के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
गिरवां थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि रविवाररी रात परिवार के लोग खाना खा रहे थे। इसी दौरान 17 वर्षीय बेटी ने बताया कि उसके पेट में दर्द हो रहा है। उसे शौच जाना है। महिला ने बड़ी बेटी के साथ उसे घर के सामने पशुबाड़ा में बने शौचालय में भेज दिया। इस बीच बड़ी बहन मवेशियों को बांधने लगी। कुछ देर बाद वह शौचालय के पास और छोटी बहन को आवाज देकर बुलाया, लेकिन वह नहीं मिली।
बड़ी बहन ने घर में बताया कि रास्ते में पड़ोसी प्रिंस अपने पिता तुलसी के साथ बैठा था। वही लोग छोटी बहन को अपने साथ ले गए हैं। पीड़िता जब सपरिवार तुलसी के घर पहुंची तो वहां उसकी पुत्री को बंधक बनाए थे। उसकी बेटी को अपनी बहू बनाने की बात कह रहे थे। पीड़िता ने उनसे बेटी को छोड़ने के लिए कहा तो अभद्रता कर भगा दिया। इस पर महिला ने डायल-112 पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने किशोरी को छुड़ा लिया।
गिरवां थाने के एसआई कृष्ण कुमार तिवारी ने बताया कि पीड़िता की सूचना पर डायल-112 पुलिस ने किशोरी को पड़ोसी के घर से छुड़ाया था। किशोरी को बांदा जिला महिला अस्पताल के वन स्टाप सेंटर में भर्ती कराया था। सोमवार को किशोरी के बयान व मेडिकल परीक्षण कराया है। किशोरी को मंगलवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा। मामला प्रेम प्रसंग का है।