बांदा। कथित प्रेमी के साथ खेत में किशोरी को परिजनों ने पकड़ लिया। आत्मग्लानि में उसने जहर खा लिया। परिजन रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज लेकर आए, यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। भाई ने कथित प्रेमी पर जहर खिलाने का आरोप लगाया है।
गिरवां थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक ने बताया कि 11 जून को वह 15 वर्षीय छोटी बहन के साथ चाचा के घर दहिनवारा कार्यक्रम में गया था। 12 जून गुरुवार की रात करीब साढ़े सात बजे बहन वहां से लापता हो गई। तलाश करने पर रात करीब एक बजे वह 25 वर्षीय युवक के साथ खेत में मिली। इस पर रिश्तेदारों ने युवक को पकड़ लिया।
डांट फटकार लगाने पर सीता ने जहर खा लिया। इससे उसकी हालत बिगड़ गई। उसे लेकर मेडिकल कॉलेज पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने रात में ही मृत घोषित कर दिया। भाई ने युवक पर बहन को जहर खिलाने का आरोप लगाया है। बताया कि युवक के गांव में उसकी मौसी हैं। पिता बेलदारी करते हैं। गिरवां थाना प्रभारी सतीश कुमार ने बताया कि जहर खाने से मौत होने की जानकारी मिली है। अभी परिजनों की ओर से तहरीर नहीं मिली है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।