पैलानी (बांदा)। भाई से कैथा मंगाकर खाने के लिए कमरे में गई किशोरी ने फंदा लगा लिया। कुछ देर बाद मां ने देखा तो परिजन को जानकारी हो सकी।
पैलानी थाना क्षेत्र के गांव मरौली खुर्द निवासी अनुज ने बताया कि उसकी बहन शीतल वर्मा (17) ने बुधवार को दोपहर करीब दो बजे अपने घर की छत पर पाइप में दुपट्टे से फंदा लगा लिया। भाई ने बताया कि शीतल ने सुबह मां के साथ खाना खाया था। छोटा भाई अनीश व बहन दोनों मोबाइल देख रहे थे। तभी बहन शीतल ने भाई से कैथा मंगवाया और कमरे के अंदर चली गई।
कुछ देर बाद मां कमरे में गईं तो शीतल फंदे से लटकी मिली। भाई ने बताया कि वह सात भाई दो बहन हैं। भाई बाहर रहते हैं। घर में मां कुसमा देवी व पिता बच्चा प्रसाद वर्मा व छोटा भाई घर पर था। शीतल ने एक साल पहले हाईस्कूल पास किया था। उसने पढ़ाई छोड़ दी थी।
भाई ने शीतल का मानसिक संतुलन ठीक न होना बताया है। थाना इंस्पेक्टर राममोहन राय ने बताया कि परिजन मानसिक संतुलन ठीक न होने की बात कह रहे हैं। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।