बांदा। अतर्रा कस्बे के एक मोहल्ला निवासी 15 वर्षीय किशोरी के साथ दो युवक और एक किशोर ने बंधक बनाकर सामूहिक दुष्कर्म किया। कक्षा आठ में पढ़ने वाली किशोरी ने आरोप लगाया है कि उसे नशीला पदार्थ सुंघाकर होटल ले गए। जहां उसके साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया गया। इसके बाद उसे बदहवास हालत में पुल के पास फेंककर भाग गए। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने तीन आरोपियों के विरुद्ध एससी-एसटी एक्ट और सामूहिक दुष्कर्म की प्राथमिकी दर्ज की है। हालांकि पुलिस का कहना है कि मामला प्रेम प्रसंग का होना सामने आया है।
बीते मंगलवार की देर शाम किशोरी सहेली के साथ बाजार आई थी। बाजार में सहेली के दूसरी दुकान पर जाने के बाद वह बांदा रोड स्थित एक चाट की ठेलिया के पास रुक गई। तभी बाइक सवार तीन लोग पहुंचे और किशोरी को नशीला पदार्थ सुंघा दिया। जिससे वह अर्ध-बेहोशी की हालत में उसे बाइक से कस्बा के स्टेशन रोड स्थित एक होटल में ले गए। होटल में गिरवां के सहेवा गांव निवासी 18 वर्षीय महेश कुशवाहा, 19 वर्षीय शक्ति सिंह और एक 15 वर्षीय किशोर ने मिलकर किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।
किशोरी द्वारा विरोध करने पर आरोपियों ने उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट भी की। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी किशोरी को बदहवास हालत में कस्बा के केन नहर पुल के पास छोड़कर भाग गए। किसी तरह घर पहुंची किशोरी ने अपने परिजनों को आपबीती सुनाई। पिता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने तीनों आरोपियों के विरुद्ध सामूहिक दुष्कर्म और एससी-एसटी एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली।
-
वर्जन
अतर्रा थाने में सूचना मिली कि 15 वर्षीय किशोरी को अगवा कर सामूहिक दुष्कर्म के मामले में तीनों को हिरासत में लिया है। जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी और किशोरी पूर्व से ही एक-दूसरे से परिचित हैं। तहरीर के आधार पर थाना अतर्रा में प्राथमिकी दर्ज कर पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया है। सभी अभियुक्तों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की कार्यवाही की जाएगी।
- प्रवीण कुमार, क्षेत्राधिकारी अतर्रा
===================
होटल के पास थाना, फिर भी नहीं लगे थे कैमरे
बांदा। दुष्कर्म की घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगा दिए हैं। जिस स्थान पर होटल स्थित है उसके महज 500 मीटर की दूरी पर थाना होने के बावजूद होटल परिसर में सुरक्षा के मद्देनजर कैमरे नहीं लगे थे।
वहीं, जहां वारदात हुई वहां से रेलवे स्टेशन की दूरी महज 50 मीटर है। इसके अलावा रात 8:30 बजे के आसपास की घटना बताई गई है। इस दौरान अतर्रा कस्बे का पूरा मार्केट भी खुला था। कस्बे में अपराध करने वालों के हौसले बुलंद हैं और पुलिस पूरी तरह निष्क्रिय हो चुकी है। हैरत की बात है कि एक ही बाइक पर किशोरी समेत चार लोग निकल गए और किसी की नजर तक नहीं पड़ी। वहीं होटल वाले भी बिना किसी आईडी के कमरा कैसे दिया। इस सब सवालों के जवाब पुलिस के लिए पहेली बने हुए हैं। वहीं अतर्रा सीओ प्रवीण कुमार ने बताया कि जांच के दौरान होटल प्रबंधन से भी पूछताछ की जा रही है।