हादसे के शिकार किशोर का मकान।
- फोटो : संवाद
अतर्रा (बांदा)। जनपद बुलंदशहर के देहात कोतवाली क्षेत्र दोस्तपुर गांव के फ्लाईओवर के पास शनिवार को तड़के मजदूरों से भरा लोडर सड़क किनारे खड़े टैंकर में पीछे से जा टकराया। इस हादसे में लोडर सवार एक किशोर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नौ मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा चालक को झपकी आने से हुआ।
मूल रूप से अतर्रा कोतवाली क्षेत्र के एचवारा गांव निवासी चुन्नीलाल ने बताया कि परिवार के साथ 10 साल से हरियाणा के हिसार जिले के जींद गांव में ईंट पाथने का काम कर रहे थे। शुक्रवार की रात परिवार के 10 सदस्य लोडर से गांव लौट रहे थे। शनिवार को सुबह लगभग पांच बजे बुलंदशहर देहात कोतवाली क्षेत्र के दोस्तपुर लोडर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े टैंकर से जा भिड़ा।
हादसे में चुन्नीलाल के पुत्र श्यामबाबू (14) की मौके पर ही मौत हो गई। अन्य परिजन गंभीर घायल हो गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को बुलंदशहर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद आठ घायलों को हायर मेडिकल सेंटर रेफर किया गया है।
केवल बहू सुमन की हालत सामान्य बताई गई है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।