फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Banda News: अतिक्रमण हटाने गई टीम पर हमला, दरोगा की वर्दी फाड़ी और लेखपाल से अभद्रता

Tue, 14 Jul 2026 11:39 PM IST
कानपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बांदा
विज्ञापन
फोटो-16- पुलिस अधीक्षक से शिकायत करने आए दंपती। संवाद
विज्ञापन
नरैनी (बांदा)। गिरवां थाना क्षेत्र के खेरवा मसूरी गांव में चक रोड से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को लेकर विवाद खड़ा हो गया। एक ओर राजस्व और पुलिस विभाग ने महिला लेखपाल से अभद्रता, सरकारी कार्य में बाधा और उपनिरीक्षक की वर्दी फाड़ने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है। वहीं दूसरी ओर अनुसूचित जाति की महिला ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर दरोगा और लेखपाल पर मारपीट, अभद्रता तथा जातिसूचक गालियां देने के गंभीर आरोप लगाए हैं।
विज्ञापन




समाधान दिवस में गांव के एक परिवार ने सरकारी चक रोड पर अतिक्रमण की शिकायत की थी। शिकायत पर उपजिलाधिकारी अंजली यादव के निर्देश पर राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम का गठन किया गया था। आठ जुलाई को टीम जब गांव पहुंचकर चक रोड से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई कर रही थी, तभी गांव के अनुसूचित जाति के रामरतन और उसकी पत्नी ललिता ने इसका विरोध किया। महिला लेखपाल मंजुला गुप्ता के साथ अभद्र व्यवहार किया गया और उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई।



सदर क्षेत्राधिकारी सौरभ सिंह ने बताया कि उपनिरीक्षक अनवर खान के समझाने और रामरतन को निरोधात्मक कार्रवाई के लिए थाने ले जाने का प्रयास किया गया तो महिला ने उपनिरीक्षक को पीछे से पकड़कर जमीन पर गिरा दिया तथा उनकी वर्दी भी फाड़ दी। लेखपाल की तहरीर पर दंपती के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। रामरतन के विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई भी सुनिश्चित की गई है। अन्य आरोपों की जांच क्षेत्राधिकारी नरैनी प्रवीण यादव कर रहे हैं।
विज्ञापन




उधर, ललिता ने मंगलवार को पुलिस अधीक्षक को दिए शिकायती पत्र में आरोप लगाया है कि भूमि विवाद में राजस्व और पुलिस अधिकारियों ने एक पक्ष के दबाव में कार्रवाई की है। महिला का कहना है कि आठ जुलाई को उनकी जमीन से बिना वैध दस्तावेज दिखाए रास्ता निकालने का प्रयास किया गया। विरोध करने पर हल्का दरोगा अनवर खान और लेखपाल मंजुला गुप्ता ने जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया तथा उनके पति के साथ मारपीट की।



महिला ने आरोप लगाया कि विरोध करने पर उसे भी पीटा गया, जिससे दोनों को चोटें आईं। पीड़िता का दावा है कि घटना की वीडियो रिकॉर्डिंग उसके पास मौजूद है, जिसे जांच के दौरान साक्ष्य के रूप में प्रस्तुत किया जा सकता है। उसने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई और न्याय दिलाने की मांग की है। क्षेत्राधिकारी सदर सौरभ सिंह ने बताया कि दंपती के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की जांच की जा रही है।

फोटो-16- पुलिस अधीक्षक से शिकायत करने आए दंपती। संवाद

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें