नरैनी। प्रधानमंत्री आवास की मजदूरी अंश का फर्जी भुगतान करने की शिकायत पर शुक्रवार को ब्लॉक की टीम लहुरेटा गांव पहुंची। यहां पर टीम ने करीब एक दर्जन लाभार्थियों के बयान दर्ज किए।
लहुरेटा गांव में प्रधानमंत्री आवास के 39 लाभार्थियों को मजदूरी का भुगतान नहीं किया गया। इसको लेकर लाभार्थियों ने शिकायत दर्ज कराई थी। उनका आरोप था कि प्रधान व सचिव ने करीब 4ः30 लाख रुपये का मजदूरी घोटाला किया है। एक आवास आईडी में एक से अधिक जॉब कार्डों में मजदूरी का धनराशि भुगतान कर हड़प ली गई है। वहीं शासनादेश में जिनको आवास मिले है, उन्हीं के खाते में मजदूरी देने का प्रावधान है।
आयुक्त ग्राम विकास के आदेश पर जांच टीम शुक्रवार को लहुरेटा गांव पहुंची। यहां पंचायत भवन में प्रधानमंत्री आवास लाभार्थी गीता, मुहम्मद आकिब, घसीटा, पूनम ,सहित लगभग एक दर्जन लोगों के लिखित बयान दर्ज किए हैं। जांच अधिकारी एडीओ आईएसबी योगेंद्र सिंह ने बताया कि एक बार और लाभार्थियों को बयान दर्ज कराने का मौका दिया जाएगा। इसके बाद जांच रिपोर्ट भेज दी जाएगी। जांच टीम में बीडीओ प्रमोद कुमार सिंह , जेई एमआई अयूब खान शामिल रहे।