बांदा। बेसिक शिक्षा विभाग के खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ), बड़ोखर खुर्द के खिलाफ शिक्षकों ने मंगलवार को मोर्चा खोल दिया। महिला शिक्षकों के साथ अभद्र व्यवहार का आरोप लगाते हुए शिक्षक संघों उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ, विशिष्ट बीटीसी टीचर्स वेलफेयर एसोसिएशन और राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के पदाधिकारियों ने शिक्षकों के साथ बीएसए को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में बीईओ के स्थानांतरण करने की मांग की गई है। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ जिलाध्यक्ष राजकुमार सिंह पटेल, विशिष्ट बीटीसी टीचर्स वेलफेयर एसोसिएशन जिलाध्यक्ष दुर्गाचरण श्रीवास्तव व राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ उत्तर प्रदेश जिला महामंत्री पंकज सिंह के नेतृत्व में करीब 50 से अधिक शिक्षक-शिक्षिकाओं ने बीएसए कार्यालय में प्रदर्शन करते हुए ज्ञापन सौंपा।
सभी संगठनों ने खंड शिक्षा अधिकारी, बड़ोखर खुर्द के खिलाफ महिला शिक्षिकाओं के साथ अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए स्थानांतरण किए जाने की मांग की है। उधर, बीईओ जगत सिंह राजपूत ने कहा कि ऑनलाइन निरीक्षण के दौरान कुछ शिक्षकों के वेतन रोकने की कार्रवाई की गई थी।
इस प्रकरण को लेकर 19 अगस्त को कुछ शिक्षक उनसे मिलने आए और अभद्रता की। इसकी शिकायत उन्होंने बीएसए और कोतवाली में की थी। उन्होंने कहा कि उनके क्षेत्र के विद्यालयों में साढ़े पांच सौ महिला शिक्षक कार्यरत हैं।
आज तक कोई शिकायत नहीं आई। बीएसए के संज्ञान में पूरा प्रकरण है। वह किसी से भी इस प्रकरण की जांच करा सकते हैं। बीएसए रामपाल ने शिक्षक संघों को जांच का भरोसा दिया है।