बुंदेलखंड में मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रतिभा निखारने में आर्थिक तंगी आड़े नहीं आएगी। मेधावियों को उनके लक्ष्य तक पहुंचाने का बीड़ा एनजीओ ’बद्री प्रसाद यादव फाउंडेशन’ ने उठाया है। इसकी कमान सीबीआई के पूर्व अधिकारी अनिल यादव ने खुद संभाली है।
मंगलवार की रात सारंग सभागार में फाउंडेशन के उद्घाटन की रस्म अदा हुई। सीबीआई के पूर्व अधिकारी और फाउंडेशन अध्यक्ष अनिल यादव ने कहा कि आर्थिक और सामाजिक रूप से पिछड़े स्टूडेंट्स को उच्च शिक्षा के लिए फाउंडेशन मददगार बनेगा। मेडिकल व इंजीनियरिंग की प्रवेश परीक्षा की तैयारी के लिए कोचिंग व्यवस्था की जाएगी।
उन्होंने बताया कि फाउंडेशन बांदा जनपद में अंग्रेजी माध्यम विद्यालय भी खोलेगा। इसमें 25 फीसदी सीटें आर्थिक और सामाजिक रूप से पिछड़े स्टूडेंट्स के लिए आरक्षित होंगी। उन्हें किताबें और ड्रेस भी दी जाएगी। यह भी बताया कि खेल के प्रति रुचि रखने वाले प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को हर मुमकिन सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी।
उद्घाटन अवसर पर इसी सत्र से पल्हरी गांव निवासी श्रीराम प्रजापति की तीनों पुत्रियां रानी, लक्ष्मी एवं रिंकी की पूरी शिक्षा की जिम्मेदारी लेने की घोषणा की गई। इस मौके पर उन्हें सम्मानित भी किया गया। समारोह का संचालन कवि और साहित्यकार जवाहरलाल जलज ने किया।
क्रीड़ाधिकारी संजय शर्मा, शैलेंद्र कुशवाहा, अधिवक्ता द्वारा प्रसाद मंडेला, हार्पर क्लब एवं डीसीए सचिव वासिफ जमां खां, प्रवास सोसाइटी के आशीष सागर, प्रेम सागर दीक्षित, सुनील गौतम, बाबा फरीद भारती, अनीता यादव, उमेश कमल आदि उपस्थित रहे। फाउंडेशन के सचिव सुनील कुमार यादव ने सभी का आभार जताया।