बांदा। दीपावली पर बाजारों में मिठाइयों की जमकर बिक्री हुई। शहर की प्रतिष्ठित मिठाई की दुकानों के साथ ही जगह-जगह अस्थायी दुकानें भी सजाई गईं। दिनभर इन दुकानों पर खरीदारों की भीड़ रही। हालांकि मिठाइयों की बंपर बिक्री के बीच खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी भी देखने को मिली।
शासन के निर्देश के बावजूद कई दुकानों पर मिठाइयों के निर्माण और उपयोग की अंतिम तिथि दर्ज नहीं की गई। दूसरी ओर मिठाइयों की कीमतें भी आसमान छूती रहीं। कई दुकानों पर 600 रुपये किलो से कम कीमत की कोई मिठाई उपलब्ध नहीं थी। काजू बर्फी और सोहन हलवा के दाम एक हजार रुपये प्रति किलो तक रहे।
नियम के अनुसार मिठाइयों पर निर्माण तिथि और उपयोग की अंतिम तिथि अंकित करना अनिवार्य है, ताकि ग्राहक मिठाई की ताजगी और उसकी उपयोग अवधि के बारे में जानकारी हासिल कर सकें। इसके बावजूद कई दुकानों पर इस नियम का पालन होता नहीं दिखा। दीपावली पर अधिक मांग को देखते हुए दुकानदार पहले से ही मिठाइयां तैयार कर स्टॉक कर लेते हैं।
कई विक्रेता खुद मिठाई बनाने के बजाय रेडीमेड मिठाइयां मंगाकर बेचते हैं। ऐसे में पुरानी मिठाइयों की बिक्री की आशंका भी बनी रही। हालांकि अधिकांश ग्राहक इस नियम से अनजान होने के कारण बिना तिथि की जानकारी के ही मिठाइयां खरीदते रहे। दूसरी ओर पैक्ड और ब्रांडेड मिठाइयों की भी खूब मांग रही।
सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय जयप्रकाश तिवारी ने बताया कि सभी विक्रेताओं को नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। लोगों को भी इसके प्रति जागरूक किया जा रहा है। लगातार अभियान चलाकर खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए हैं। दुकानों का निरीक्षण कर नियमों का पालन कराया जाएगा। दूषित मिठाई मिलने पर उसे नष्ट कराने की कार्रवाई की जाएगी।