बांदा। ससुराल में निलंबित सफाई कर्मचारी ने फांसी लगाकर जान दे दी। गिरवां थाना क्षेत्र के पथरहा गांव में मंगलवार की रात राजू उर्फ रजवा प्रजापति (50) पुत्र सुंधा ने सीलिंग फैन से साड़ी बांधकर फांसी लगा ली। उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के वक्त घर के अन्य सदस्य दूसरे कमरे में सो रहे थे। सुबह परिजनों ने शव लटका देखा और पुलिस को सूचना दी। अकबरपुर पुलिस चौकी प्रभारी संतलाल सरोज ने शव को फंदे से नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
भांजे नरेश ने बताया कि रजवा चित्रकूट जिले में सफाई कर्मी था। वह डेढ़ साल से निलंबित चल रहा था। इससे वह काफी दुखी रहता था। कई बार अधिकारियों से न्याय की फरियाद की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। उसके दो बेटे और तीन बेटियां हैं। वह थाना क्षेत्र के अतरहट का मूल निवासी है।
अलग-अलग घटनाओं में दो लोगों ने जहर खाकर आत्महत्या का प्रयास किया। मटौंध थाना क्षेत्र के चिलेहटा गांव में महेश (35) व बिसंडा कस्बा निवासी कुसुमा (20) ने मंगलवार की रात जहर खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया। घटना की वजह गृह कलह बताई जा रही है।