तिंदवारी। दहेज की मांग पूरी न होने पर बिना दुल्हन बरात लौटा ले गए दूल्हे, उसके पिता, भाई और बाबा के विरुद्ध दुल्हन के पिता ने थाने में 22 दिन बाद दहेज अधिनियम की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
थाना क्षेत्र के अमलीकौर गांव निवासी विनोद सिंह की बेटी की शादी 30 नवंबर को थी। बरात मध्य प्रदेश के मुरैना जिले के अम्बाह थाना के थरा गांव से आई थी। भांवर के दौरान दूल्हे बृजेश के पिता जब्बर सिंह ने कन्या के पिता से दहेज में बुलेट मोटर साइकिल और सोने की चेन की मांग की।
इस पर दोनों पक्षों में विवाद हो गया। बरात जनवासा स्थल से चुपचाप वापस चली गई। कन्या के पिता विनोद ने वर पक्ष से तिलक में चढ़ाए गए रुपये आदि मांगे, लेकिन बात नहीं बनी।
बुधवार (23 दिसंबर) को पिता विनोद की तहरीर पर यहां थाने में वर बृजेश उर्फ मोनू, पिता जब्बर सिंह, भाई सोनू व बाबा आत्माराम के खिलाफ दहेज अधिनियम की रिपोर्ट दर्ज की गई है। इंस्पेक्टर जाकिर हुसैन ने बताया कि जांच की जा रही है।