संवाद न्यूज एजेंसी
बांदा। रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज में चिकित्सा क्षेत्र की दिशा में एक ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज की गई है। मेडिकल कॉलेज के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. रोहित सिंह ने गॉल ब्लैडर कैंसर (पित्त की थैली के कैंसर) से पीड़ित बांदा निवासी जुगुंती (65), के जटिल मामले का सफल ऑपरेशन कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। यह जटिल सर्जरी लगभग तीन घंटे तक चली।
अब तक इस प्रकार की उन्नत और जटिल सर्जरी प्रयागराज, कानपुर और झांसी जैसे बड़े चिकित्सा केंद्रों में ही की जाती रही है, लेकिन पहली बार बांदा-चित्रकूट मंडल में इस स्तर की गालब्लैडर कैंसर सर्जरी सफलतापूर्वक हुई है। इस जटिल सर्जरी को सफल बनाने में डॉक्टरों की टीम में डॉ. रोहित सिंह, डॉ. श्रीकांत, डॉ. खुर्शीद एवं डॉ. श्रेया शामिल रहे। एनेस्थीसिया टीम से डॉ. सुशील पटेल, डॉ. पंकज, डॉ. सोनाली एवं डॉ. साहिबा ने सर्जरी के दौरान कुशलतापूर्वक एनेस्थीसिया प्रबंधन की जिम्मेदारी निभाई।