ओरन/अतर्रा/कमासिन। दो थाना क्षेत्राें में बुधवार की देर शाम एक गर्भवती और एक इंटर की छात्रा ने खुदकुशी कर ली। पिता संग किराना की दुकान बंद कराकर घर लौटी छात्रा ने जहां जहर खाकर जान दे दी, वहीं गर्भवती ने साड़ी का फंदा लगाकर जान दे दी। छात्रा के परिजन घटना की वजह स्पष्ट नहीं कर सके।
बिसंडा थाना क्षेत्र के बाघा गांव में विजयपाल उर्फ बद्दा कुशवाहा की पुत्री पुष्पा कुशवाहा (15) ने बुधवार की देर शाम घर के शौचालय में जाकर जहर खा लिया। वहां से कमरे में आकर लेट गई। तभी हालत बिगड़ गई। परिजन उसे प्राइवेट वाहन में जिला अस्पताल ले गए। यहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पिता ने बताया कि पुष्पा शाम को दुकान बंद कराकर उसके साथ घर आई थी। शौच की बात कहकर शौचालय चली गई।
वापस आने पर वह बेसुध हो गई। जहरीला कीड़ा काटने की आशंका पर उसे अस्पताल पहुंचाया। यहां जहर खाने की बात सामने आई। उसे किसी प्रकार की कोई दिक्कत नहीं थी। पुष्पा राजकीय इंटर कालेज में इंटर की छात्रा थी और पढ़ाई में काफी होशियार थी।
उधर, कमासिन थाना क्षेत्र के पछौंहा गांव में शादी के छह साल बाद गर्भवती युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पति का कहना है कि पत्नी का मानसिक संतुलन ठीक नहीं रहता था। मोहन की पत्नी राजवती (26) ने खपरैल में साड़ी से फांसी लगा ली, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के वक्त वह अकेली थी। किराना दुकान से सामान खरीदकर घर लौटे पति ने शव फंदे पर लटका देखा और पड़ोसियों की मदद से नीचे उतारा।
कुछ देर बाद पहुंचे दरोगा राजेंद्र प्रसाद द्विवेदी ने जायजा लिया और शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। मोहन ने बताया कि उसकी शादी छह साल पूर्व हुई थी। मृतका का चकौध (कर्वी) गांव है। पत्नी के चार माह का गर्भ था। एक पुत्र व एक पुत्री छोड़ गई। मायके वालों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई करेंगे। मारपीट करने की आशंका जताई है।
युवक का शव मिला, हत्या की आशंका
तिंदवारी। थाना क्षेत्र के कुरसेजा पुलिस चौकी अंतर्गत सेमरी नाले के पास बृहस्पतिवार को सुबह युवक का रक्तरंजित शव मिला। हत्या की आशंका जताई गई। उसकी शिनाख्त कोतवाली नगर क्षेत्र के मवई गांव निवासी दिलीप कुमार ने अपने बेटे मलखान (29) के रूप में की। पिता दिलीप ने बताया कि सोशल मीडिया और फेसबुक में फोटो वायरल होने पर उसे पुत्र के शव की जानकारी हुई।
मलखान बुधवार को अपनी ससुराल ककरा डेरा (जौहरपुर, तिंदवारी) जाने की बात कहकर बस से निकला था। सेमरी नाले में शव मिलने पर उसने हत्या की आशंका जताई है। मृतक सूरत में मजदूरी करता था। लॉकडाउन में वह घर लौट आया था। उसके दो पुत्र हैं।
सीओ सदर सत्यप्रकाश शर्मा ने बताया कि तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। मृतक शराब का आदी था। प्रथम दृष्टया जांच में वाहन की टक्कर से मौत प्रतीत हो रही है। फिलहाल हत्या जैसी बात सामने नहीं आई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर स्थिति स्पष्ट हो जाएगी। (संवाद)