बांदा। गिरवां थाना क्षेत्र के शेरपुर गांव में मिट्टी डालने से नाली बंद होने पर दो पक्षों के बीच लाठी व कुल्हाड़ी चल गईं। मारपीट में दोनों तरफ से सात लोग गंभीर घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
शेरपुर निवासी सुरेश अवस्थी (40) ने बताया कि वह गांव में अपने प्लाट में मकान का निर्माण करा रहा था, उसने सड़क में मिट्टी भी डलवाई थी, इससे पड़ोसी चंद्र प्रकाश की नाली का पानी बंद हो गया था। रविवार को सुबह चंद्र प्रकाश ने सुरेश से मिट्टी हटवाने को कहा तो विवाद हो गया। दोनों पक्षों के बीच लाठी, कुल्हाड़ी चल गई। सुरेश पक्ष से सुरेश व उसकी पत्नी पुष्पा (35) व पिता महेश (70) गंभीर घायल हो गए। उधर, दूसरे पक्ष से चंद्रप्रकाश (50), उसकी पत्नी चंद्रकिरन (45), बेटी श्रुति तिवारी (22), बेटा राहुल (21) गंभीर घायल हो गए। गिरवां थानाध्यक्ष राधा कृष्ण तिवारी ने बताया कि सभी घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया है। दोनों ओर से मिली तहरीर के आधार पर मारपीट की रिपोर्ट दर्ज की गई है।