करतल (बांदा)। पन्ना टाइगर रिजर्व के उत्तर वन मंडल स्थित मनकी बीट में क्लच वायर के फंदे में फंसकर बाघिन की मौत के मामले में जांच तेज कर दी गई है। रविवार को वन विभाग ने स्टेट टाइगर स्ट्राइक फोर्स के सहयोग से घटना की पड़ताल शुरू की है। संदेह के आधार पर पांच लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। टीम घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाने में लगी है।
डीएफओ धीरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि 26 नवंबर को मनकी बीट के कक्ष क्रमांक पी-390 में बाघिन मृत मिली थी। घटनास्थल के शुरुआती निरीक्षण में क्लच वायर के फंदे में फंसने से उसकी मौत होने की आशंका जताई गई थी। बाघिन के शरीर के सभी अंग सुरक्षित पाए गए थे।
घटना की गंभीरता को देखते हुए राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण (एनटीसीए), दिल्ली और मुख्य वन्यजीव अभिरक्षक, भोपाल के दिशा-निर्देशों के अनुसार घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच की कार्रवाई शुरू की गई।
उन्होंने बताया कि 27 नवंबर को सतना और पन्ना पुलिस के डॉग स्क्वाॅय ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाया। दोनों डॉग स्क्वायड घटनास्थल से करीब 500 मीटर दूर राजस्व पट्टे की उस जमीन तक पहुंचे।
यहां रामू आदिवासी गेहूं और सरसों की खेती कर रहा है। उसे हिरासत में लेने का प्रयास किया गया तो स्थानीय लोगों ने वनकर्मियों का घेराव कर शासकीय कार्य में बाधा डाली। इसके चलते घटनास्थल पर प्रस्तावित पोस्टमार्टम की कार्रवाई वहां से हटाकर स्मृति वन, पन्ना में करानी पड़ी।बाघिन के शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद अंतिम संस्कार कर दिया गया।
डीएफओ के अनुसार संदेह के आधार पर मनकी गांव निवासी रामू आदिवासी और दिलदार आदिवासी के अलावा उनके तीन परिचितों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। स्थानीय वन विभाग की टीम मध्य प्रदेश की स्टेट टाइगर स्ट्राइक फोर्स के सहयोग से मामले की जांच आगे बढ़ा रही है।