बांदा। कृषि विश्वविद्यालय में ऑनलाइन परीक्षा शुरू हो गई हैं। कोविड-19 और लॉकडाउन के मद्देनजर यह व्यवस्था लागू की गई है। सॉफ्टवेयर के माध्यम से परीक्षा कराई जा रही है। विश्वविद्यालय में संचालित सभी पाठ्यक्रमों में सेमेस्टर प्रणाली लागू है। एक सेमेस्टर में दो लिखित और एक प्रायोगिक परीक्षा कराई जाएगी। इसके लिए कुलाधिपति/राज्यपाल ने निर्देश दिए थे।
विश्वविद्यालय कुलपति डॉ. यूएस गौतम ने बताया कि मिड परीक्षा के सभी विषयों के 30-30 नंबर के प्रश्नपत्र होंगे। छात्र अपने एंड्रायड मोबाइल फोन के माध्यम से परीक्षा में शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि पूर्व में सभी विषयों के सिलेबस के अनुसार विभिन्न माध्यमों जैसे एप्लीकेशन, व्हाट्सएप ग्रुप, ईमेल आदि से पाठ्यक्रम को पूरा कर लिया गया है। नोट्स भी दे दिए गए हैं।
उप कुलसचिव डॉ. एसके सिंह ने बताया कि ऑनलाइन परीक्षा के लिए सभी छात्रों से सहमति ले ली गई है। इसी के बाद समय सारिणी के मुताबिक अलग-अलग विषयों की परीक्षा निर्धारित की गई है। उन्होंने बताया कि 30 नंबर के प्रश्नपत्र में बहु विकल्पीय और सत्य एवं असत्य प्रश्न शामिल किए गए हैं।
नकल रोकने के लिए सॉफ्टवेयर में विशेष व्यवस्था है। समय पूर्ण होने पर अपने आप लिंक इनएक्टिव हो जाता है। जनसंपर्क अधिकारी डॉ. बीके गुप्ता ने बताया कि प्रदेश की राज्यपाल ने ऑनलाइन परीक्षा के निर्देश दिए थे। उसी का अनुपालन हो रहा है।