बांदा। उत्तर प्रदेश कर्मचारी-शिक्षक समन्वय समिति के बैनर तले राज्य कर्मियों और शिक्षकों ने बृहस्पतिवार को जिला मुख्यालय में प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर कर्मचारियों और शिक्षकों की अनदेखी का आरोप लगाया। साथ ही चेतावनी दी कि यही रवैया रहा तो पूरे प्रदेश में तीव्र आंदोलन छेड़ा जाएगा। नौ अगस्त को लखनऊ में रैली होगी।
राज्यकर्मी और शिक्षकों का संयुक्त जत्था विकास भवन से कलेक्ट्रेट के लिए रवाना हुआ। मांगों से संबंधित और राज्य सरकार के विरोध में नारे लगाए। दोपहर बाद कलेक्ट्रेट में सिटी मजिस्ट्रेट आरके श्रीवास्तव को समन्वय समिति के नेताओं ने मांगपत्र सौंपा।
समन्वय समिति अध्यक्ष शिक्षक नेता आशुतोष त्रिपाठी और संयोजक राम प्रताप सिंह परिहार के संयुक्त हस्ताक्षरों से भेजे ज्ञापन में कहा कि कर्मचारी-शिक्षक समन्वय समिति साढ़े चार साल से समस्याएं राज्य सरकार के सामने रख रही है लेकिन सरकार ने समाधान में दिलचस्पी नहीं ली।
इससे कर्मचारी और शिक्षक ठगा महसूस कर रहे हैं। उनमें रोष है। यही स्थिति रही तो प्रदेशव्यापी आंदोलन होगा। मांगपत्र में पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल करने, केंद्र सरकार की दर पर मकान किराया भत्ता, परिवहन भत्ता, संतान शिक्षा भत्ता, संविदा आउटसोर्सिंग, तदर्थ आदि कर्मियों के स्थायीकरण जैसी मांगे हैं।
प्रदर्शन मेें शिक्षक नेता मिथलेश पांडेय, सुघर सिंह, देशराज सिंह, मइयादीन यादव, प्रजीत सिंह, पतिराखन सिंह, जयकिशोर दीक्षित, मंगल प्रसाद, केपी सिंह, स्वयंबर सिंह, राघवेंद्र सिंह, नरेंद्र सोनी, अंजना तिवारी, नारायण दास गुप्ता, देवव्रत पांडेय, शिवसेवक, राजेश त्रिपाठी, राजकिशोर चौबे, सुधीर श्रीमाली भी शामिल रहे।
10 से करेंगे हड़ताल
बांदा। लखनऊ में राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के बुधवार के धरने में बांदा यूनिट से 50 कर्मचारियों ने शिरकत की। महामंत्री आरजे शर्मा ने बताया कि सरकार की वादाखिलाफी पर रोष जताया गया। मुख्यमंत्री कार्यालय एनेक्सी भवन घेरा गया। मुख्य सचिव से बातचीत असफल रही। प्रदेश नेतृत्व ने 10 से 12 अगस्त तक हड़ताल की घोषणा की है। फिर भी सरकार नहीं चेती तो 13 से बेमियादी हड़ताल होगी। आंदोलन में अध्यक्ष राज कुमार श्रीवास्तव समिति ओपी दीक्षित, रामकृष्ण त्रिपाठी, शिवकरन तिवारी भी शामिल रहे।
ब्लाक का अस्तित्व बचाने के लिए करेंगे संघर्ष
बांदा। उत्तर प्रदेश ग्राम्य विकास महापरिषद की बांदा शाखा ने गुरुवार को विकास भवन में बैठक कर ब्लाक बचाओ-पंचायत बचाओ का नारा बुलंद किया। पंचायत विभाग पर शासन को गुमराह करने का आरोप लगाया। कहा कि ब्लाकों का अस्तित्व बचाने के लिए महापरिषद संघर्ष करेगी।
बैठक में कर्मचारियों ने काली पट्टी बांध विरोध जताया। 13 को गेट मीटिंग ब्लाक मुख्यालयों और जिला मुख्यालय में होगी। 14 से 18 तक काली पट्टी बांधकर विरोध जताएंगे। 19 को सामूहिक अवकाश पर रहेंगे। 21 से 23 तक कार्य बहिष्कार होगा। 24 को बेमियादी हड़ताल होगी।
बैठक मेें दिलीप सिंह, बीके अवस्थी, रंजीत सिंह, राजेंद्र पांडेय, सुरेंद्र गुप्ता, दिनेश कुमार नायक, रामकिशोर साहू, विजय, रामलखन तिवारी, विनोद मिश्रा, कौशल दीक्षित, प्रदीप निगम, जय किशोर श्रीवास्तव, सगीर अहमद, अनिल श्रीवास्तव, कमलेश प्रजापति, लवकुश कुमार, अनुज गुप्ता, अमित चौहान, मोहम्मद नजमुल, हरीओम गुप्ता भी शामिल रहे।