फोटो- 23 घटनास्थल में ट्रांसफार्मर में घुसी कार। संवाद
तिंदवारी (बांदा)। तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे रखे ट्रांसफार्मर में जा घुसी। हादसे में कार सवार तीन लोग घायल हो गए। उन्हें तिंदवारी पीएचसी में भर्ती कराया गया है। गनीमत रही कि जिस समय यह हादसा हुआ उस समय बिजली गुल थी, नहीं तो बड़ा हादसा हो जाता।
चिल्ला थाना क्षेत्र के पपरेंदा गांव निवासी अजय विश्वकर्मा (21) ने बताया कि वह गांव के जितेंद्र (25) व बबेरू निवासी सीताराम (30) के साथ कार में अपने गांव जा रहे थे। कार तेज रफ्तार में थी, अचानक कार अनियंत्रित होकर पपरेंदा-तिंदवारी मार्ग पर परसौड़ा गांव के पास लगे ट्रांसफार्मर से जा टकराई। हादसे में वह तीनों घायल हो गए। ग्रामीणों ने तीनों को निकालकर एंबुलेंस से तिंदवारी पीएचसी पहुंचाया। ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हो गया। इस ट्रांसफार्मर से जुड़े गांव बछेउरा, बरेठी, परसौड़ा गांव की बिजली गुल रही। अवर अभियंता प्रदीप कुमार यादव ने बताया कि वैकल्पिक व्यवस्था कर बिजली आपूर्ति बहाल कराने का प्रयास किया जा रहा है।