बांदा। एक दिसंबर को हुई बारिश के साथ ही सुबह-शाम कोहरा छाने लगा है। कोहरे से ट्रेनों की रफ्तार प्रभावित हुई है। कई ट्रेनें आठ से 10 घंटे देरी से चल रही हैं। सबसे अधिक परेशानी दिल्ली और मुंबई रूट की ट्रेनों में हो रही है। ट्रेनें लेट होने से यात्रियों ने रिजर्वेशन रद्द करा दिए हैं।
रिजर्वेशन काउंटर के लिपिक का कहना है कि रविवार को बरैनी-अहमदाबाद, अंबेडकर नगर-प्रयागराज, निजामुद्दीन-जबलपुर महाकौशल एक्सप्रेस के 32 रिजर्वेशन रद कराए गए हैं। यात्री शिवबदन और भवानी का कहना है कि उन्हें शादी में जाना है। ट्रेन लेट होने से वह समय से कार्यक्रम में नहीं पहुंच पाएंगे। ऐसे में बस से झांसी, कानपुर जाकर दूसरी ट्रेन पकड़ेंगे, जिससे समय से शादी में पहुंच सकें।
स्टेशन प्रबंधक मनोज शिवहरे ने बताया कि रेलवे ने कोहरे में ट्रेन हादसों को रोकने के लिए जरूरी उपाय शुरू कर दिए है। पायलटों को कोहरे में ट्रेन की गति कम करने व फॉग सेप्टी डिवाइस के जरिए ट्रेन आगे बढ़ाने के लिए कहा गया है। दिल्ली, मुंबई रूट पर कोहरा बढ़ने से ट्रेनें लेट हो रही हैं।