बांदा। पंचायत चुनाव के मद्देनजर डीएम ने सभी थानाध्यक्षों को निर्देश दिया कि गुंडा एक्ट और जिला बदर कार्रवाई वाले कोई भी अपराधी जनपद में न रह पाएं। गुंडा एक्ट की श्रेणी वालों की सूची बनाकर उन पर कार्रवाई करें। शस्त्रों का सत्यापन कराने और जिनसे शांतिभंग की संभावना हो उनके शस्त्र शीघ्र जमा कराने के निर्देश दिए।
पुलिस लाइन सभागार में मंगलवार को डीएम आनंद कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक डॉ. एसएस मीणा ने संयुक्त बैठक की। उप जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी व थाना प्रभारी उपस्थित रहे। डीएम ने कहा कि अभियोग पंजीकृत वाले लाइसेंसधारकों के शस्त्र लाइसेंस के निरस्तीकरण की कार्रवाई करें। शस्त्रों का सत्यापन करने को भी कहा। डीएम ने निर्देश दिया कि सभी थानाध्यक्ष यह प्रमाणपत्र उपलब्ध कराएं कि उनके शस्त्र लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्रवाई की गई है। एसडीएम और क्षेत्राधिकारी को शस्त्र दुकानों का निरीक्षण करने और शस्त्र धारकों से 80 फीसदी कारतूस के खोखे जमा कराने के निर्देश दिए।
डीएम ने विवाद पैदा करने वालों पर धारा 107/116 की कार्रवाई के निर्देश दिए। कोर्ट की नोटिस शत-प्रतिशत तामील हो। संयुक्त निदेशक अभियोजन ने थानाध्यक्षों से कहा कि अदालतों में गवाह की उपस्थिति, केस डायरी और अन्य रिपोर्ट समय से पेश करें। पुलिस अधीक्षक ने थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि चुनाव रजिस्टर बनाएं। अपने क्षेत्र में लगातार भ्रमणशील रहकर नजर रखें। बैठक में एडीएम संतोष बहादुर सिंह, अपर एसपी महेंद्र सिंह चौहान, सिटी मजिस्ट्रेट केशव नाथ सहित सभी एसडीएम और सीओ मौजूद रहे।
---------------
फोटो परिचय-3- उप नयन संस्कार में बटुकों को संबोधित करते आईजी के. सत्यनारायणा।
4-बटुकों को दक्षिणा देतीं पारिवारिक महिलाएं।
18 ब्राह्मण बटुकों का उपनयन संस्कार
बांदा। श्रीवामदेव संस्कृत महाविद्यालय में 18 ब्राह्मण बटुकों का सामूहिक उपनयन संस्कार हुआ। उन्हें जनेऊ संस्कार के बारे में बताया गया। इसे धारण करने के तरीके सिखाए गए। पुलिस महानिरीक्षक के. सत्यनारायणा भी इस आयोजन में शामिल हुए। उन्होंने ब्राह्मण बटुकों को संबोधित कर अच्छे संस्कारों पर जोर दिया। यह आयोजन हर वर्ष वसंत पंचमी पर होता है। डीआईओएस विनोद सिंह समेत विद्यालय अध्यक्ष मेवालाल गुप्ता, प्रबंधक जतिन गुप्त, प्राचार्य डॉ. अशोक कुमार अवस्थी, पूर्व आचार्य रामगोपाल द्विवेदी, अध्यापक अभय पांडेय, लिपिक सूरजबली गुप्ता व रामऔतार तिवारी सहित बटुकों के परिजन मौजूद थे। बटुकों में राहुल त्रिपाठी, अतुल शुक्ला, प्राशु दीक्षित, अभिलाष दीक्षित, पुष्पेंद्र दुबे, श्लोक तिवारी, अविनाश अवस्थी आदि शामिल रहे।