सपा सांसद विशंभर निषाद के आवास के नजदीक आमरण अनशन पर बैठे उजाड़े गए दुकानदार।
- फोटो : अमर उजाला
बांदा। पूर्व मंत्री और सपा सांसद विशंभर प्रसाद निषाद के आवास की नाकतले रसूख वालों की शह पर प्रशासन द्वारा उजाड़ दिए गए दर्जन भर परिवार उसी जगह आमरण अनशन पर बैठ गए हैं। उजाड़ने की कारगुजारी कई दिनों से चल रही है। लेकिन न तो सपा सांसद ने दखल दिया न प्रशासन के अफसर गरीबों को बचाने आए।
महाराणा प्रताप चौक के नजदीक आवास विकास कालोनी में कुछ रसूख वालों ने पार्क को खुला रिक्त स्थान दर्शा कर आवास विकास से हथिया लिया। नक्शा भी पास करा लिया। जबकि यहां बड़ी संख्या में फुटपाथ पर दर्जनों परिवार झुग्गी-झोपड़ी बनाकर दुकानें खोले पेट पाल रहे थे। इन सभी को जेसीबी से उखाड़ फेंका गया।
दुकानदार और उनके बच्चे व महिलाएं रोते-चिल्लाते रहे पर गरीबों के हमदर्द का दंभ भरने वाले नेता और प्रशासन के बड़े अफसर उनकी मदद को नहीं आए। अब यह परिवार उसी स्थान पर बैठ गए हैं। पीड़ित परिवारों में कल्लू, फूलचंद्र, श्यामलाल सोनी, संतोष, कमरुल बेगम, मुनीर खां, नौशाद, जीतू, इसरार खां, पप्पू गुप्ता, अन्नू सिंह, भूराचंद्र, राजाबाबू आदि शामिल हैं।