बेटे जितेंद्र को लेकर चिंतित बैठे पिता संजय व मां रानी तथा अन्य परिजन।-
- फोटो : बेटे जितेंद्र को लेकर चिंतित बैठे पिता संजय व मां रानी तथा अन्य परिजन।-
तिंदवारी । जसईपुर गांव निवासी युवक तीन वर्ष से पाकिस्तान की जेल में बंद है। परिजनों का कहना है कि पहले फोन पर बात हो जाती थी, लेकिन छह माह से उसकी आवाज नहीं सुन पाए। अनहोनी की आशंका से मां बिलख रही है। सरकार और अधिकारियों से गुहार लगाकर परिजन थक गए, अभी तक रिहाई की कोई उम्मीद नजर नहीं आ रही है।
तिंदवारी थाना क्षेत्र के जसईपुर गांव निवासी जितेंद्र (22) पुत्र संजय वर्मा जुलाई 2022 को पोरबंदर बंदरगाह में मछली पकड़ने गया था। इस दौरान वह पाकिस्तान की सीमा में चला गया और पाकिस्तानी सेना ने उसे गिरफ्तार कर जेल में बंद कर दिया। पिता व मां रानी ने बेटे की रिहाई की मांग की है। क्षेत्र पंचायत सदस्य रज्जन सिंह ने बताया कि परिवार बहुत गरीब है।
पिता के मुताबिक पहले जब फोन पर बात होती थी तो कई बार बेटे ने कहा कि पाकिस्तान जेल के अधिकारी उसके साथ मारपीट करते हैं। कई-कई दिनों तक खाना नहीं दिया जाता है। परिजनों ने केंद्र और प्रदेश सरकार से बेटे की रिहाई कराने की गुहार लगाई है।