बांदा। शहर के तिंदवारा रोड स्थित पेट्रोल पंप में 10 दिन पूर्व बाइक सवार तीन बदमाशों ने पेट्रोल पंप कर्मी को गोली मारकर लूटने की घटना में बांदा एसओजी की टीम ने दो बदमाशों को मध्य प्रदेश के सतना जिले में पकड़ लिया। बदमाशों को लेकर वह सतना पुलिस के पास पहुंचे तो वहां की पुलिस ने पूर्व के दर्ज मुकदमें में वाछिंत बताते हुए उन्हें जेल भेज दिया। अब बांदा एसओजी पुलिस तीसरे बदमाश की तलाश में अभी सतना में ही डेरा डाले है।
शहर के कालूकुआं मोहल्ला निवासी रजत गुप्ता के नरैनी रोड मेडिकल कॉलेज के पास स्थित पेट्रोल पंप में तीन जुलाई की रात एक ही बाइक पर सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने अपनी बाइक में 850 रुपये का पेट्रोल डलवाया था। बाद में पेट्रोल पंप कर्मी बिसंडा के बनई तेंदुरा गांव निवासी आशाराम यादव से पांच हजार रुपये रंगदारी भी मांगी थी। रुपये न देने पर बदमाशों ने पेट्रोल पंप कर्मी को गोली मार दी थी।
दोबारा भी गोली मारने के लिए प्रयास किया था, लेकिन गोली मिस हो गई थी। घायल कर्मी को कानपुर रेफर किया गया था। इस प्रकरण पर पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए एसओजी टीम को लगाया था।
एसओजी ने मध्य प्रदेश के सतना जिले में लुटेरे सिविल लाइन सतना उमरी गांव निवासी अंशु व सतना के हरदोखर नागौद गांव निवासी दीपू डरमलिया को पकड़ लिया। एसओजी टीम दोनों को लेकर सतना कोतवाली गई। वहां सतना पुलिस ने दोनों मुल्जिमों को पूर्व में दर्ज गोली कांड के मुकदमें में जेल भेज दिया है। अब एसओजी तीसरे बदमाश की तलाश में लगी है।