बांदा। साहब... बिजली विभाग के स्मार्ट मीटर हवा में दौड़ रहे है। दो कमरों का मकान, चार सदस्यों का परिवार और दो दिन में जल गई 72 यूनिट बिजली। सदर तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में एडीएम धर्मेंद्र कुमार ने समस्याएं सुनीं।
सदर बाजार के रामबहोरी ने बताया कि साहब दो दिन पहले स्मार्ट मीटर लगा। दो कमरों का मकान व चार सदस्यों का परिवार है। दो से तीन यूनिट बिजली ही खर्च होती है, लेकिन स्मार्ट मीटर में दो दिन में 72 यूनिट बिजली चढ़ी है। ऐसे तो बिजली का बिल लोगों को बर्बाद कर देगा।
उधर, तिंदवारा के शिव कुमार ने बताया कि 2023 में बिजली का अधिक बिल आ गया था। संशोधन कराकर बकाया जमा कर कनेक्शन काटने का प्रार्थना पत्र दिया था। कलेक्शन तो कट गया फिर बकाया बिल आ गया है। एसडीओ नहीं सुन रहे। मजदूरी करके घर परिवार चलाता है। जिसे निरस्त कराकर पीडी कराई जाए। ताकि दोबारा बिल आने का कोई झंझट न रहे।
खाते से निकल गए एक लाख
- शहर के सर्वोदय नगर की शिक्षिका प्राची गुप्ता ने एडीएम को बताया 29 जुलाई को उसके बैंक खाते से तीन किस्तों में एक लाख रुपये निकल गए है। साइबर थाना पुलिस लाइन गए तो आश्वासन देकर टरका दिया। एडीएम ने क्षेत्राधिकारी सदर को तत्काल साइबर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराकर कार्रवाई के आदेश दिए हैं।
प्रधान के साथ मारपीट
चिल्ली के प्रधान अशोक कुमार ने एडीएम को बताया कि 26 जुलाई को गोशाला के पास हरिजन बस्ती में जेसीबी मशीन से जल निकासी करवा रहा था। दबंगों ने उसके साथ मारपीट की और दो हजार रुपयें छीन लिए। पुलिस में शिकायत की, लेकिन न रिपोर्ट दर्ज हुई और न ही कोई कार्रवाई की गई। सीओ सदर ने कार्रवाई के आदेश दिए।
समितियों में नहीं है खाद
भाकियू के मंडल अध्यक्ष बलराम तिवारी ने सहकारी समितियों में डीएपी न होने की शिकायत की। कहा कि अन्ना पशुओं को अभी तक गोशालाओं में संरक्षित नहीं किया गया। अन्ना पशु फसल बर्बाद कर रहे हैं। बारिश व बाढ़ से तबाह फसलों का सर्वे कराकर किसानों को आर्थिक सहायता दी जाए।
सीसी बनाने के लिए मांग रहे पैसा
बबेरू। समाधान दिवस में डीएम जे.रीभा व एसपी पलाश बंसल ने शिकायतें सुनीं। अतर्रा रोड निवासी रामराज ने सीसी रोड बनवाए जाने, अंडौली गांव निवासी संगीता देवी ने सहकारी बैंक शाखा कमासिन पर सीसी बनवाने में दस हजार रिश्वत मांगने की शिकायत की। भदेहदू गांव के पीसी पटेल ने 500 बीघा धान की फसल खराब होने की शिकायत पर जांच अधिकारी पर एक पक्षीय कार्रवाई का आरोप लगाया। पीड़ित ने दोबारा जांच कराए जाने की मांग की। अतर्रा में एसडीएम राहुल ने शिकायतें सुनीं। सर्वाधिक राजस्व विभाग की शिकायतें आने पर मौके पर जाकर निस्तारण के निर्देश दिए। (संवाद)