बांदा। बारिश में रपटों के पानी में डूबने से गांवों का संपर्क कटने की समस्या से जल्द निजात मिलने की उम्मीद है। लोक निर्माण विभाग ने तीन रपटों की जगह लघु सेतु बनाने के लिए टेंडर जारी किए हैं। तीनों पुलों के निर्माण पर 4.75 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
नरैनी तहसील क्षेत्र के खलारी संपर्क मार्ग में पोंगरी नाले पर स्थित रपटे के स्थान पर 2.18 करोड़ रुपये की लागत से लघु सेतु बनाया जाएगा। सदर तहसील क्षेत्र के लहौरा संपर्क मार्ग में मदरार नाले पर रपटे की जगह 1.47 करोड़ रुपये और कुरौली संपर्क मार्ग के किलोमीटर दो पर 1.10 करोड़ रुपये से लघु सेतु का निर्माण कराया जाएगा।
बरसात में नाले उफनाने पर रपटे पानी में डूब जाते हैं। इससे ग्रामीणों का आवागमन प्रभावित होने के साथ कई गांवों का संपर्क भी कट जाता है। तीनों स्थानों पर लघु सेतु बनने के बाद बारिश के दौरान आवागमन सुचारु रहने की उम्मीद है। इससे आसपास के हजारों लोगों को राहत मिलेगी।