पैलानी (बांदा)। केन नदी पर बना पुल क्षतिग्रस्त होने पर डीएम ने तीन टन से अधिक भार वाले वाहनों का आवागमन तत्काल प्रभाव से रोक दिया है। बताया गया कि पैलानी डेरा की तरफ से पांचवें पिलर पर दायीं तरफ के दो स्लैब के टॉप लेवल में 60 एमएम का अंतर है।
बबेरू-तिंदवारी-सुमेरपुर मार्ग पर केन नदी में वर्ष 1984-85 में पुल का निर्माण कराया गया था। पुल की लंबाई 735 मीटर है। ग्रामीणों की शिकायत पर डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल ने पुल का निरीक्षण किया गया तो पाया गया कि पैलानी डेरा की तरफ पांचवें पिलर पर दायीं तरफ दो स्लैब के टॉप लेवल में 60 एमएम का अंतर हो गया है। ऐसा लग रहा है कि स्लैब के नीचे का हिस्सा धंस गया है। खतरे को भांपते हुए डीएम ने एक लेन पर तत्काल प्रभाव से तीन टन से अधिक भार वाले समस्त वाहनों का आवागमन तत्काल प्रभाव से अग्रिम आदेशों तक के लिए रोक दिया है।
कहा कि भारी वाहनों के आवागमन से कभी भी कोई घटना हो सकती है। एक लेन में छोटे वाहनों का आवागमन जारी रहेगा। उधर, जिलाधिकारी के निर्देश पर लोक निर्माण विभाग खंड-दो ने क्षतिग्रस्त भाग की चुनाई करने व बालू से बोरी भरकरकर एक लेन में यातायात रोकने का काम शुरू कर दिया है। डीएम ने कहा कि जल्द सेतु निगम की एक टीम मौके पर पहुंचकर पुल के क्षतिग्रस्त हिस्से का निरीक्षण कर मरम्मत का काम शुरू करेगी। ताकि दुर्घटनाओं को रोका जा सके।