बांदा। सूखाग्रस्त बुंदेलखंड में अन्ना और पालतू पशुओं के लिए चारे और भूसे के जबरदस्त संकट पर प्रदेश सरकार ने 4.60 करोड़ रुपये मंडल के चारों जनपदों को उपलब्ध कराए थे लेकिन मवेशियों के मुंह के निवाले प्रशासन की शर्तें और अड़ंगेबाजी आड़े आ रही हैं। नतीजे में लगभग 50 फीसदी भूसे का पैसा सरकारी खजाने में ही पड़ा है। मंडल मुख्यालय बांदा में तीन महीने में अब तक मात्र 50 लाख रुपये का भूसा खरीदा गया है। जबकि शासन ने एक करोड़ रुपये दे रखे हैं। भूसा, पानी के अभाव में कई गौशालाओं में मवेशियों की मौत का सिलसिला शुरू हो गया है।
बारिश न होने से न तो फसल हुई न चारा। पूरे बुंदेलखंड में हरियाली नदारद है। मवेशियों को खूंटे पर बांधकर मरते देखने से बचने के लिए भारी तादाद में किसानों और पशु पालकों ने गायों को अन्ना छोड़ दिया है। अलबत्ता दुधारू भैंस और बैल इत्यादि बांधे हुए हैं। मवेशियों पर चारे, भूसे के जबरदस्त संकट के मद्देनजर प्रदेश सरकार ने फरवरी माह के शुरूआती दिनों में चित्रकूटधाम मंडल के बांदा, चित्रकूट और हमीरपुर को एक करोड़ और महोबा को एक करोड़ 60 लाख रुपये दिए थे।
प्रशासन को जिम्मा सौंपा गया था कि भूसा खरीदकर मवेशियों के लिए बांटें। इसके लिए प्रशासन ने भूसा खरीद के टेंडर आमंत्रित किए थे लेकिन मवेशियों की भूख जैसे संवेदनशील मामले में भी अधिकारियों और कर्मचारियों का ढर्रा अन्य कामों जैसा रहा। टेंडर प्रक्रिया में हफ्तों या महीनों लग गए। इसी का नतीजा है कि अब तक 50 फीसदी पैसा का भूसा नहीं खरीदा जा सका। गांवों में ग्रामीणों या स्वयंसेवी संगठनों द्वारा खोली गई गौशालाओं मेें भी भूसे का भारी टोटा है।
कुछ गौशालाओं में नाममात्र को भूसा देने की खानापूर्ति की गई है। नरैनी क्षेत्र के कटरा में ऐसी ही गौशाला में रोजाना गायों की मौत हो रही है। मंडल मुख्यालय से मात्र पांच किलोमीटर दूर बड़ोखर खुर्द गांव में स्वयंसेवी किसान प्रेम सिंह द्वारा संचालित किए जा रहे काऊ गेस्ट हाउस (गौशाला) में आज तक प्रशासन ने एक रुपये का भूसा या चारा नहीं भेजा। यहां कई सौ गायों को रोजाना भूसा, चारा, पानी आम नागरिकों के सहयोग से दिया जा रहा है।
इस बाबत मंडल मुख्यालय बांदा के अपर जिलाधिकारी (जो कि सूखा राहत और दैवी आपदा के प्रभारी भी हैं) डीएस पांडेय ने बताया कि अब तक 50 लाख रुपये से 5200 कुंतल भूसा खरीदा गया है। शेष पैसे से भी जल्द ही भूसा खरीद लिया जाएगा। एडीएम भूसा खरीद और वितरण का ब्योरा नहीं बता सके। कहा कि यह विवरण दैवी आपदा बाबू के पास है लेकिन बाबू को यह अधिकार नहीं कि वह इसकी किसी को जानकारी दे। जानकारी सिर्फ डीएम और एडीएम देंगे।