बांदा। अलग-अलग सड़क हादसों में दो महिलाओं समेत छह लोग घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे। गिरवां थाना क्षेत्र के देवरार गांव निवासी राजेंद्र (40) बाइक से गिरकर घायल हो गया। चाचा राम नरेश ने बताया कि शनिवार दोपहर राजेंद्र बाइक से बांदा आ रहा था। शेखन पुरवा के पास मवेशी के टकरा कर गिर गया। हेलमेट न लगाने से सिर पर गंभीर चोट आई। फोन से मिली सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचकर घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। दूसरी घटना में मुरवल (बबेरू) निवासी राम कुमारी (40) पत्नी बड़कू पाल शनिवार को दोपहर खेत में जानवर चराने जा रही थी। रास्ते में तेज रफ्तार कार ने उसे टक्कर मार दी। चालक वाहन लेकर फरार हो गया। पड़ोसी रिंकू ने परिजनों को घटना की सूचना देकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
चिल्ला प्रतिनिधि के मुताबिक बबेरु कोतवाली क्षेत्र के हरदौली गांव का सद्दाम (30) शनिवार को दोपहर अपने पड़ोसी सलमान (28) के साथ बाइक में ललौली से लौट रहा था। यहां चिल्ला पुल के पास तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने पीछे से टक्कर मार दी। चालक ट्रैक्टर लेकर फरार हो गया। चिल्ला थानाध्यक्ष शिव सागर ने उन्हे जिला अस्पताल पहुंचाया। एक अन्य घटना में गिरवां थाना क्षेत्र के स्योहद गांव का विजय (13) पैदल बाजार जाते समय ट्रक की टक्कर से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। उधर, छतरपुर जिले के गौरिहार थाना क्षेत्र के चंद्रपुरा गांव का राम भेद (40) शनिवार दोपहर ट्रक के टायर में हवा भर रहा था। तभी पहिया में फंसी लोहे की छड़ उछल कर उसके सिर पर आ लगी। वह गंभीर रूप से घायल हो गया।