कमासिन (बांदा)। चारा-भूसा न मिलने से बुरी तरह कमजोर अन्ना गायों की ठंड से मौत का सिलसिला जारी है। ताजी घटना में पछौंहा गांव में स्थित पशु आश्रय केंद्र में बीते 24 घंटे के अंदर छह गायों की मौत हो गई। दो अन्य गंभीर बीमार हैं। यहां खुले आसमान तले गायों को रखा गया है।
ग्राम पंचायत की निगरानी में चल रहे पशु आश्रय केंद्र में करीब तीन सौ अन्ना गायें हैं। चारों ओर कंटीले तारों की घेराबंदी कर पशु आश्रय केंद्र बना लिया गया है। गायों को छाया के लिए कोई व्यवस्था नहीं है। बारिश, कोहरा और शीतलहर में वह खुले आसमान तले दिन-रात गुजार रही हैं। चारा-भूसा के नाम पर घटिया पुआल परोस दिया गया है। इसे गाय नहीं खा रहीं। गड्ढों में भरा गंदा पानी पीकर प्यास बुझा रही हैं। पिछले 24 घंटों के अंदर यहां 6 गायों की ठंड से मौत हो गई है। दो अन्य बीमार होकर तड़प रही हैं। इनका कोई पुरसाहाल नहीं है।
शुक्रवार को सुबह गायों के शव देखे गए। उधर, कमासिन में स्थित पशु आश्रय केंद्र में चारा-भूसा की व्यवस्था तो की गई है, लेकिन गायों को ठंड से बचाने की टिनशेड या अन्य कोई व्यवस्था नहीं है। ठंड के यही तेवर रहे तो और गायों की मौत संभावित है। ग्राम प्रधान ने भी छह गायों के मरने की पुष्टि की है।
उधर, लोहरा गांव में बीती रात अज्ञात लोगों ने सांड़ को धारदार हथियार से घायल कर दिया। कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई। रामलीला मैदान में शुक्रवार को सुबह सांड़ का शव पड़ा मिला। थाना प्रभारी निरीक्षक तारा सिंह पटेल और पशु चिकित्सा प्रभारी डा.कमलेश कुमार को सूचना दी गई। पुलिस ने अज्ञात के विरुद्ध पशु क्रूरता अधिनियम की रिपोर्ट दर्ज की है।