बांदा। अलग-अलग सड़क हादसों में 6 बाइक सवार घायल हो गए। इनमें कोई भी हेलमेट नहीं लगाए था। बदौसा थाना क्षेत्र के नांदनमऊ गांव निवासी जानकीशरण (25) पुत्र माता प्रसाद शुक्रवार को सुबह बाइक पर अपनी ससुराल पबई गांव जा रहा था। बिसंडा कस्बे के पास बाइक मवेशी से टकरा जाने से घायल हो गया। एक अन्य घटना में शिवप्यारी (65) पत्नी मथुरा प्रसाद निवासी गढ़ी चांदपुर (गिरवां) अपने दामाद मोतीलाल (35) पुत्र दशरथा निवासी बरसड़ा मानपुर के साथ सैमरी गांव से वापस लौट रही थी।
बांदा बाईपास के पास ट्रैक्टर की टक्कर से दोनों घायल हो गए। उधर, तिंदवारी थाना क्षेत्र के पिपरगवां गांव निवासी पिंटू (25) पुत्र कल्लू रैदास शुक्रवार को सुबह बाइक पर गांव से गरौंती स्थित ढाबा में काम करने जाते समय सामने से आ रही बाइक की भिड़ंत से घायल हो गया। बदौसा थाना क्षेत्र के महुराई गांव निवासी आरती (20) पुत्री बद्रीलाल बिसंडा से बाइक पर भाई के साथ गांव आते समय बदौसा के पास गिरकर घायल हो गई। एक अन्य घटना में शहर के खाईंपार निवासी कमलेश (25) पुत्र कमतू बाइक से जमालपुर गांव से लौटते समय मवई बाईपास के पास गिरकर घायल हो गया।