अतर्रा (बांदा) नकाबपोश बदमाशों ने राजमिस्त्री को घर में घुसकर तमंचे से गोली मार दी। परिवार के लोग उसे जिला अस्पताल लाए। उसकी हालत गंभीर देख उसे कानपुर रेफर किया गया है। घटना से पहले उसे फोन पर धमकी मिली थी। पुलिस कॉल डिटेल खंगाल रही है। पत्नी की तहरीर पर बहू के मायके वालों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
कस्बे के व्यस्ततम इलाके नगर पालिका कार्यालय से चंद कदम दूरी पर सिविल लाइन निवासी ओम प्रकाश उर्फ मलाई (40) पुत्र सुखनंदन उर्फ भोड़ा कोटार्य रहता है। शनिवार की रात घर के बाहर सामने शौचालय जा रहा था। उसी समय पहले से घात लगा कर बैठे तीन नकाबपोश बदमाशों ने दबोच लिया और उसे पीटने लगे। ओमप्रकाश शोर मचाते हुए भागकर घर मे घुस गया।
बदमाशों ने उसे घर से घसीट कर तमंचे से गोली मार दी। गोली की आवाज सुनकर परिजन दौड़े। इस पर तीन हमलावर तमंचा लहराते हुए बाइक से भाग निकले। गोली ओमप्रकाश के पेट में लगी है। परिवार के लोग आनन-फानन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गये। वहां से जिला अस्पताल लाए। यहां से कानपुर रेफर कर दिया गया।
सूचना पर पुलिस ने अस्पताल आकर उसके बयान दर्ज किए। मौका मुआयना करके परिजनों से पूछताछ की। ओमप्रकाश मैकेनिक के साथ राजमिस्त्री है। वह भरतकूप के क्रशर में भी काम करता है। इस घटना से मोहल्ले में दहशत है। परिजन तथा पड़ोसियों ने कहा कि पुलिस यहां गश्त नहीं करती। परिजनों के मुताबिक किसी से दुश्मनी नहीं है।
शनिवार की रात ओमप्रकाश के मोबाइल पर जान से मारने की धमकी मिली थी। इसकी पत्नी से चर्चा की थी। इंस्पेक्टर रविंद्र तिवारी ने कहा कि घटनास्थल का मुआयना किया गया है। घायल की पत्नी गायत्री की तहरीर पर बहू के मायके तिंदवारा गांव निवासी अरस्सू व नन्हू पुत्रगण विंदा प्रसाद और इंद्रपाल के खिलाफ धारा 457 और 307 में मुकदमा दर्ज किया गया है।