बांदा। घर से शनिवार से लापता युवक का शव रेलवे पटरी किनारे मिलने से हड़कंप मच गया। युवक के भाइयों का कहना है कि वह ट्यूबवेल जाने की बात कहकर घर से निकला था। साजिश की आशंका जताई है। वहीं पुलिस ट्रेन से गिरकर मौत होना बता रही है।
अतर्रा थाना क्षेत्र के खम्हौरा रेलवे क्रासिंग के नजदीक पटरी किनारे रविवार को सुबह 22 वर्षीय युवक का शव मिला। जेब में मिले आधार कार्ड से उसकी शिनाख्त सीमावर्ती चित्रकूट जनपद के पहाड़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत गड़ौली गांव निवासी शिवभूषण के बेटे राम प्रकाश के रूप में हुई। पुलिस ने परिजनों को सूचना दी। मृतक के भाई अजय तिवारी व उमाशंकर तिवारी द्वारा शिनाख्त किए जाने के बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। दोनों भाइयों ने बताया कि राम प्रकाश शनिवार को दोपहर घर से ट्यूबवेल जाने की बात कहकर निकला था।
रात को वापस न आने पर उसकी खोजबीन की गई, लेकिन पता नहीं लग सका। रविवार को सुबह शव मिलने की जानकारी हुई। राम प्रकाश की मौत पर दोनों बड़े भाइयों ने साजिश की आशंका जताई है। बताया कि मृतक छह भाइयों में सबसे छोटा और अविवाहित था। 12वीं कक्षा का छात्र था। थाना इंस्पेक्टर अरविंद सिंह गौर ने बताया कि प्रथम दृष्टया ट्रेन से गिरकर मौत प्रतीत हो रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर स्थिति स्पष्ट हो जाएगी। फिलहाल कोई तहरीर नहीं मिली है।