बांदा। तिंदवारी ब्लाक की तीन ग्राम पंचायतों में सामुदायिक शौचालयों का निर्माण शुरू न होने पर बीडीओ ने इन ग्राम पंचायतों के सचिवों को चेतावनी जारी की है। दो दिन के अंदर शौचालय निर्माण चयनित करने के निर्देश दिए हैं।
स्वच्छ भारत मिशन के तहत जनपद की 470 ग्राम पंचायतों में सामुदायिक शौचालयों का निर्माण कराया जा रहा है। नवंबर में मुख्यमंत्री ने जिले की 286 ग्राम पंचायतों के सामुदायिक शौचालयों का ऑनलाइन शिलान्यास किया था। अधिकारियों को निर्देश दिए थे कि शेष ग्राम पंचायतों में भूमि का चयन कर निर्माण शुरू कराए जाएं, लेकिन तिंदवारी ब्लाक की ग्राम पंचायत माटा व मिरगहनी में अभी तक भूमि का चयन नहीं हुआ।
शौचालयों का निर्माण 30 दिसंबर तक पूरा किया जाना था। बीडीओ अमित कुमार ने गजनी गांव के ग्राम विकास अधिकारी रामचंद्र, माटा गांव के बृजेंद्र कुमार और मिरगहनी के अभिषेक सिंह राठौर को चेतावनी जारी की है। कहा कि दो दिन के अंदर लेखपाल से समन्वय स्थापित कर भूमि का चयन कर शौचालय का निर्माण शुरू कराएं।