चित्रकूटधाम मंडल के लेखपालों को संबोधित करते आयुक्त एल वेंकटेश्वर लू
- फोटो : अमर उजाला
बांदा। मंडलायुक्त ने किसान प्रतिनिधियों व लेखपालों के साथ बैठक कर कठिन समस्याओं के समाधान के लिए ‘साझा समाधान समिति’ सक्रिय करने के निर्देश दिए। लेखपालों को वरासत दर्ज करने और जमीन की पैमाइश में ईमानदारी से काम करने को कहा।
पंडित जेएन महाविद्यालय में बुधवार को बैठक में मंडलायुक्त एल वेंकटेश्वर लू ने कहा कि ‘साझा समाधान समिति’ के जरिये तमाम विवाद आसानी से सुलझाए जा सकते हैं। इसमें ग्राम प्रधान, पूर्व प्रधान, लेखपाल, पंचायत सचिव, कोटेदार, आंगनबाड़ी और आशा कार्यकत्री समेत 11 सदस्य बनाए गए।
उन्होंने भू राजस्व कानून को प्रभावी ढंग से लागू करने, तहसील स्तर पर फोटो स्टेट मशीन, दोहरे राशन कार्ड ठीक करने और तालाबों की खुदाई व भीटों पर पौधे लगाने पर जोर दिया। डीएम योगेश कुमार ने लेखपालों को ओलावृष्टि व सूखा राहत चेक वितरण में अच्छा काम करने पर सराहा।
एसडीएम सदर अनुज सिंह व सीडीओ आरके सिंह ने तालाबों के आसपास अवरोध हटाने और मनरेगा से घरों के आसपास पौधे लगाने को मुफ्त नर्सरी उपलब्ध कराने को कहा। उप निदेशक अर्थ एवं संख्या एसएन त्रिपाठी, एसडीएम पैलानी प्रहलाद सिंह, डीएफओ प्रमोद गुप्ता, डीडीओ श्रीकृष्ण त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।