अतर्रा (बांदा)। कोतवाली क्षेत्र के गुमाई गांव में रविवार को मां के साथ धान की रोपाई कराने गए सात वर्षीय बालक की तालाब में डूबने से मौत हो गई।
परिजन और ग्रामीणों ने करीब आधे घंटे की तलाश के बाद बालक को बाहर निकाला लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। गिरवां के पौडरा के फदाली पुरवा निवासी गुलाब कुशवाहा ने बताया कि नाती अमित कुमार (7) रविवार दोपहर मां शोभा और बड़े भाई बड़ा भैया के साथ गुमाई गांव में धान की बेड़ लगाने गया था।
मां खेत में काम करने लगी, जबकि दोनों भाई पास के तालाब किनारे खेलने लगे। इसी दौरान अमित का पैर फिसल गया और वह तालाब में जा गिरा। कुछ देर बाद बड़े भाई ने दौड़कर मां को घटना की जानकारी दी।
करीब 30 मिनट तक तलाश के बाद शाम चार बजे अमित को तालाब से बाहर निकाला गया। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। कोतवाली प्रभारी राकेश तिवारी ने बताया कि तालाब में डूबने से बालक की मौत हुई है।
-
सूरत में मजदूरी करते हैं पिता
गुलाब कुशवाहा ने बताया कि उनकी भतीजी शोभा की शादी गिरवां थाना क्षेत्र के सहेवा गांव में हुई है। पिता जगन्नाथ की इकलौती संतान होने के कारण वह मायके पौडरा के फदाली पुरवा में रहकर उनकी देखभाल कर रही है।
वह 17 जून को बच्चों के साथ मायके आई थी। अमित दो भाइयों में छोटा था और अनथुवा के एक निजी विद्यालय में कक्षा एक का छात्र था। उसके पिता सुनील दत्त गुजरात के सूरत में मजदूरी करते हैं।