बांदा। दहिनवारा कार्यक्रम में बज रहे डीजे को बजाने से मना करने गए किसान परिवार के साथ अभद्रता कर मारपीट कर दी। घटना में सात लोग गंभीर घायल हो गए। सभी का मेडिकल परीक्षण जिला अस्पताल में कराया गया है।
बबेरू कोतवाली क्षेत्र के टोलाकलां गांव निवासी कमल यादव (40) ने जिला अस्पताल में बताया कि सोमवार की देर शाम पड़ोसी जीतेंद्र के घर में दहिनवाला कार्यक्रम चल रहा था। कमल भैंस की दुहनी कर रहा था। तभी तेज आवाज में डीजे बजने पर उसकी भैंस बिदकने लगी। जिस पर कमल ने पड़ाेसी के घर जाकर डीजे को बजाने से मना किया। इस पर जीतेंद्र के भांजे छोटू ने उसके साथ अभद्रता कर दी। देखते ही देखते जीतेंद्र के घर में मौजूद रिश्तेदारों ने उसे घेर लिया और लाठी-डंडों और कुल्हाड़ी, पत्थर मारकर गंभीर घायल कर दिया। कमल को बचाने आए उसके भाई रामरतन (55), पत्नी मैना (35), धनंजय (17), देवकुमार (50), हीरालाल (25), विद्यासागर (18) को भी मारा पीटा। घटना में सभी के सिर, हाथ पैरों में चोटें आईं हैं। बबेरू इंस्पेक्टर बलराम सिंह ने बताया कि घायल पक्ष की ओर से तहरीर मिली है। घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया गया है।