चित्रकूट। रैपुरा थाना क्षेत्र में बुधवार को एक युवती का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। झांसी-मिर्जापुर हाईवे से करीब 500 मीटर दूर बीरुराम का पुरवा के पास सड़क किनारे मिले शव की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। ग्रामीणों ने हत्या कर शव फेंकने की आशंका जताई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सड़क किनारे बुधवार की सुबह युवती का शव देखकर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। थाना प्रभारी आशुतोष तिवारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव का निरीक्षण किया। इसके बाद फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया, जिसने घटनास्थल की बारीकी से जांच की। घटना की गंभीरता को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक सत्यपाल सिंह भी मौके पर पहुंचे और मामले के शीघ्र खुलासे के निर्देश दिए।
एएसपी सत्यपाल सिंह ने बताया कि आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ कर शव की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं लेकिन अभी तक सफलता नहीं मिली है। प्रारंभिक जांच में शव के गले और चेहरे पर चोट के निशान पाए गए हैं। तलाशी के दौरान पैंट में 70 रुपये मिले हैं, जबकि नाक में सोने की कील थी। कान और गले में कोई आभूषण नहीं मिला। युवती ने मोजे पहने थे लेकिन जूते या चप्पल मिले। कुछ कपड़े भी अस्त व्यवस्त मिले हैं।
क्षेत्रीय व्यक्ति की संलिप्तता की आशंका
एएसपी ने कहा कि युवती की कहीं और हत्या करने के बाद शव को यहां फेंका गया है। उन्होंने यह भी आशंका जताई कि शव फेंकने में किसी स्थानीय व्यक्ति का हाथ हो सकता है, क्योंकि बाहरी व्यक्ति को गांवों के रास्तों की जानकारी होना मुश्किल है। रात करीब 12 बजे के बाद शव फेंके जाने की आशंका जताई जा रही है।
-
दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका से इन्कार नहीं
ग्रामीणों में चर्चा है कि युवती के पैंट का कमर से नीचे खिसका होना दुष्कर्म की ओर इशारा कर रहा है। आशंका है कि युवती के साथ पहले दुष्कर्म किया गया और बाद में उसकी हत्या कर शव को यहां फेंक दिया गया। हालांकि, पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।