प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को पोस्टकार्ड भेजते उद्योग व्यापार मंडल के व्यापारी।
- फोटो : BANDA
बांदा। उद्योग व्यापार मंडल ने देश के प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री से जीएसटी की समाप्ति तथा एक करोड़ से अधिक की निकासी पर टीडीएस खत्म करने सहित 5 मांगों को लेकर पोस्टकार्ड अभियान छेड़ा है।
व्यापारियों द्वारा पीएम और सीएम को भेजे जा रहे पोस्टकार्डों में मांग की गई है कि किराए में जीएसटी को खत्म की जाए। यह कराधान न्याय संगत नहीं है। एक करोड़ से अधिक धन की निकासी पर टीडीएस खत्म हो। बैंकों ने दो फीसदी टीडीएस लगा दिया है। आनलाइन बिक्री पर प्रतिबंध की मांग की। कहा कि इससे छोटा और मध्यम व्यापारी बहुत प्रभावित हो रहा है। उधर, मुख्यमंत्री को भेजे पोस्टकार्डों में बिजली की बढ़ीं दरें वापस लेने की मांग की गई है।
कहा है कि दरों में 12 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी व्यापारी और किसानों के लिए पीड़ादायक है। जितनी बिजली उतना मूल्य के आधार पर वसूली हो। यह भी मांग की कि मंडी विभाग खत्म किया जाए। पड़ोसी राज्यों में मंडी शुल्क नहीं है। या वहां दरें कम हैं। मंडी शुल्क का सीधा प्रभाव किसान के उत्पादन पर पड़ता है।
ढाई फीसदी मंडी शुल्क बहुत ज्यादा है। पोस्टकार्ड अभियान में बांदा उद्योग व्यापार मंडल अध्यक्ष संतोष गुप्त अनशनकारी, महामंत्री प्रेम गुप्ता, वरिष्ठ उपाध्यक्ष अनिल उत्तम, कोषाध्यक्ष गोरेलाल गुप्ता, उपाध्यक्ष महेश गुप्ता, दीपक गुप्ता, दिलीप जैन, अमित सेठ और मंत्री अंकुर गुप्ता व सौरभ लक्षकार आदि शामिल रहे।