बांदा। कमासिन थाना क्षेत्र के मवई गांव में बीते दिन बाई जांघ में गोली लगने से घायल हुए 35 वर्षीय दशरथ की उपचार के दौरान मेडिकल कॉलेज में मौत हो गई। ससुर पर लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच में पुष्टि नहीं हो सकी है। जांच में सामने आया है कि युवक ने विवाद के बाद खुद को गोली मारी थी।
गोली लगने के बाद परिजनों ने दशरथ को पहले बबेरू सीएचसी में भर्ती कराया गया था, जहां से हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर किया गया। वहां भी स्थिति में सुधार न होने पर उसे मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां उपचार के दौरान बृहस्पतिवार की देर रात उसकी मौत हो गई। घटना के समय दशरथ ने आरोप लगाया था कि उसके ससुर ने गोली मारकर उसकी पत्नी को साथ ले गया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कमासिन पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की। क्षेत्राधिकारी सौरभ सिंह ने बताया कि घटना के समय ससुर और युवक की पत्नी की लोकेशन घटना स्थल से लगभग 50 से 55 किमी दूर पाई गई। कॉल डिटेल रिकॉर्ड और मोबाइल लोकेशन की जांच में स्पष्ट हुआ कि वे लोग मौके पर मौजूद ही नहीं थे। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद ससुर बेटी को लेकर अपने घर चला गया। इसी दौरान दशरथ ने आवेश में आकर खुद को गोली मार ली। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।
युवक की मौत के बाद गांव में शोक का माहौल है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही अंतिम निष्कर्ष सार्वजनिक किया जाएगा लेकिन अब तक के साक्ष्य आत्महत्या की ओर इशारा कर रहे हैं।