बांदा। माता-पिता की मौत के बाद अनाथ हो गए बच्चों का हक उनके ही घर वाले डकार रहे हैं। बच्चों के पिता की 16 बीघा जमीन पर कब्जा कर लिया है। वरासत में यह जमीन बच्चों के नाम दर्ज हो चुकी है। बच्चों की पैरवी में बचपन बचाओ आंदोलन के पूर्व प्रांतीय संयोजक और अधिवक्ता महेंद्र सिंह गौतम और अधिवक्ता ब्रजभूषण सिंह यादव आदि ने डीएम को ज्ञापन दिया।
नरैनी तहसील के काजीपुर गांव निवासी 11 वर्षीय रामू और उसकी सगी बहन माया ने डीएम को दी अर्जी में कहा कि उसके पिता मेवालाल की 6 वर्ष पूर्व और मां शिवकुमरिया की तीन वर्ष पूर्व मौत हो चुकी है। पिता की 16 बीघा जमीन के वही वारिस हैं। एसडीएम के आदेश पर खतौनी में उनकी वरासत दर्ज हो चुकी है, लेकिन जमीन पर परिवार के लोग ही कब्जा किए हुए हैं। खेत में बालू के ट्रक निकालने के लिए रास्ता बना दिया गया है। बच्चों और वकीलों ने कब्जा दिलाने की मांग करते हुए भूमाफिया से रक्षा की भी फरियाद की। ज्ञापन देने के दौरान संतोषानंद, संतोष कुमार श्रीवास्तव, शिवकुमार मिश्रा, संतोष द्विवेदी आदि शामिल रहे। उधर, इस बारे में नरैनी एसडीएम वंदिता श्रीवास्तव ने बताया कि पूरे प्रकरण का पता कराया जा रहा है, जिसके नाम जमीन होगी उसे कब्जा दिलाया जाएगा।
--------------------
फोटो परिचय-6- धरना प्रदर्शन कर रहे छात्रों से बातचीत करते सिविल लाइन चौकी प्रभारी।
अवैध कब्जों के विरोध में छात्र सड़कों पर उतरे
छात्र संघ भवन गेट के सामने अवैध निर्माण का किया विरोध---सब हेड
छात्र बोले, निर्माण नहीं हटा तो करेंगे आमरण अनशन
धरना प्रदर्शन के दौरान ही बीच सड़क पर लगाया जाम
अमर उजाला ब्यूरो
बांदा। जेएन डिग्री कॉलेज महाविद्यालय छात्रसंघ भवन के सामने अवैध कब्जों के विरोध में मंगलवार को छात्र सड़कों पर आ गए। इस दौरान धरना प्रदर्शन करते हुए बीच मुख्य सड़क पर जाम लगा दिया। कोतवाली प्रभारी ने छात्रों से उनका ज्ञापन लेकर कार्रवाई का भरोसा दिलाया। छात्रों ने चेतावनी दी कि शीघ्र कब्जे नहीं हटे तो आमरण अनशन करेंगे।
जेएन डिग्री कॉलेज के सामने मंगलवार को दोपहर मुख्य सड़क पर बड़ी संख्या में छात्र एकत्रित हो गए और नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान गुस्साए छात्र सड़क पर धरना दिया, जिससे आवागमन ठप हो गया। छात्रों का कहना था कि छात्रसंघ भवन के मुख्य गेट के सामने अवैध कब्जा कर निर्माण किया जा रहा है। महाविद्यालय प्रशासन ने रोका, लेकिन कब्जा कर रहे लोग नहीं माने। निर्माण होने से छात्र-छात्राओं को समस्या होगी। कुछ ही देर बाद कोतवाली प्रभारी जय श्याम शुक्ला ने छात्रों को भरोसा दिलाया कि वह अधिकारियों को अवगत कराकर अवैध कब्जे हटवाएंगे।
कोतवाली प्रभारी ने मौका मुआयना भी किया। इस दौरान सिविल लाइन चौकी प्रभारी भी उपस्थित रहे। प्रदर्शनकारी छात्रों में उत्तर प्रदेश स्टूडेंट यूनियन मंडल अध्यक्ष शक्ति प्रताप सिंह, जिलाध्यक्ष शैलेंद्र कुमार वर्मा समेत शिवलखन सिंह, यशराज गुप्ता, विक्रम सिंह, अभिषेक ठाकुर, दीपक गुप्ता, सुमित सिंह, उत्कर्ष सिंह चौहान, शुभम दुबे, अभिषेक धुरिया, अंकित सिंह, अभिलाष कुमार, पुष्पराज सिंह इत्यादि शामिल रहे।