ट्रामा सेंटर के बेड में पड़े स्कार्पियो दुर्घटना में घायल बच्चे।
- फोटो : amarujala
स्कार्पियो खंती में पलटने से किशोर की मौत हो गई और एक ही परिवार के एक दर्जन लोग घायल हो गए। एक अन्य घटना में बाइक की टक्कर से किशोर जख्मी हो गया। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
अतर्रा थाना क्षेत्र के महोतरा गांव निवासी गुड्डन गौतम (35) पुत्र काशी गौतम बुधवार को दोपहर अपने रिश्तेदारों के साथ निजी स्कार्पियो से भांजे कृष्ण कुमार का दहिनवारा करने पाथर कछार (सतना) जा रहे थे। नरैनी कोतवाली क्षेत्र के पड़मई गांव के नजदीक पिछला टायर बर्स्ट होने से तेज रफ्तार स्कार्पियो सड़क किनारे खंती में पलट गई।
स्कार्पियो में सवार गुड्डन गौतम समेत भाई छोटू (30), मां प्रभा देवी (50), चचेरा भाई गोलू (13), मौसी मालती (45), मौसेरा भाई बृजराघव (20), दादू (20), अंशू (8) व विकास (12) तथा मौसेरी बहन प्रीति (18), पूनम गौतम (35), सुनीता (40) व रौनक (13) पुत्र नीलेश गौतम गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नरैनी ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद सभी को जिला अस्पताल भेज दिया गया।
जिला अस्पताल में उपचार के दौरान रौनक ने दम तोड़ दिया। पोस्टमार्टम कराए बगैर परिजन शव लेकर घर चले गए। एक अन्य घटना में शास्त्री नगर निवासी अजय (16) पुत्र राजेश कुमार मंगलवार की रात अतर्रा चुंगी स्थित दुकान से सब्जी खरीद कर घर जाते समय बाइक की टक्कर से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चालक बाइक लेकर मौके से भाग निकला।