चिल्ला (बांदा)। दवा लेकर घर लौट रहे किसानों की स्कूटी में सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। इससे स्कूटी समेत दोनों किसान ट्रक के नीचे फंस गए। हादसे के बाद स्कूटी और ट्रक में आग लग गई। इससे दोनों जिंदा जल गए। चालक और क्लीनर ट्रक छोड़कर फरार हो गए। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने आग बुझाई।
सोमवार को दिन में करीब तीन बजे चिल्ला थाना क्षेत्र के लोमर गांव के किसान रामशरण सिंह (69) पुत्र गजराज स्कूटी पर दवा लेने चिल्ला आए थे। उनके साथ स्कूटी पर गांव के ही रामगोपाल सोनकर (65) पुत्र कन्हैया भी बैठे थे। गांव लौटते समय चिल्ला थाना क्षेत्र के चैतू डेरा में बांदा की तरफ से आए तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूटी में टक्कर मार दी।
इससे स्कूटी ट्रक के नीचे जा घुसी और ट्रक भी फिसलकर फुटपाथ पर जा लगा। इसी बीच स्कूटी में आग लग गई। ट्रक के नीचे फंसे स्कूटी सवार रामशरण और रामगोपाल जिंदा जल गए। उनकी वहीं मौत हो गई।
इसके बाद ट्रक में भी आग लग गई। हादसे के बाद चालक और क्लीनर भाग निकले। ग्रामीणों की सूचना पर इंस्पेक्टर रामाश्रय सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और फायर ब्रिगेड को बुलाकर ट्रक की आग बुझवाई। इसके बाद पंचनामा कर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।