नरैनी। विशिष्ट बीटीसी शिक्षक वेलफेयर एसोसिएशन के जिला प्रभारी व अटेवा जिला संरक्षक अजय कुमार साहू ने बैठक की। इसके बाद डीएम को पत्र भेजकर मांग की गई कि विद्यालयों का समय बदलकर सुबह सात बजे से दोपहर 12 बजे तक किया जाए।
डीएम को भेजे पत्र में बताया कि उमस भरी गर्मी से परिषदीय विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चे बीमार हो रहे हैं। कोई बच्चा बेहोश हो रहा है तो कोई विद्यालय परिसर में ही उल्टी और दस्त की चपेट में आ रहा है। विद्यालयों के निरीक्षण की जिम्मेदारी निभाने वाले अधिकारी कुछ नहीं कर रहे हैं।
गर्मी की वजह से विद्यालयों में लगातार छात्र संख्या पर भी असर पड़ रहा है। मौसम का मिजाज बदलने और बारिश होने से गर्मी से राहत मिली थी, लेकिन तेज धूप की वजह से एकबारगी उमस में इजाफा हो गया है। कक्षाओं में बच्चों को पढ़ाना बहुत ही मुश्किल हो गया है। ऐसे में बच्चों की सेहत का ध्यान रखते हुए विद्यालयों का समय बदला जाना चाहिए।