फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

स्कूलों में दस माह बाद फिर से चलेंगी कक्षाएं

विज्ञापन
विज्ञापन
बांदा। चित्रकूटधाम मंडल में बुधवार (10 फरवरी) को पिछले करीब 10 माह बाद परिषदीय स्कूलों में फिर ककहरा और पठन-पाठन के स्वर गूंजेंगे। कोरोना काल के दौरान बंद पड़े चित्रकूटधाम मंडल के चारों जिलों बांदा, चित्रकूट, महोबा और हमीरपुर के 1799 जूनियर हाईस्कूल फिर से दस फरवरी से आबाद हो जाएंगे। इनमें 2,32,817 बालक-बालिकाएं फिर गुरुजनों से शिक्षा ग्रहण करेंगे।
विज्ञापन

शासन ने कक्षावार शेड्यूल निर्धारित किया है। एक कक्षा के बच्चों को हफ्ते में दो दिन ही स्कूल आना होगा। शासन की हरी झंडी मिलने के बाद बेसिक शिक्षा विभाग ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इन स्कूलों के खुलने के 20 दिन बाद एक मार्च से सभी प्राथमिक स्कूल भी खुल जाएंगे। कोविड-19 की गाइडलाइन का पालन अनिवार्य किया गया है। निजी स्कूलों में भी शासन की गाइडलाइन लागू होगी। बांदा में कुल 1721 परिषदीय स्कूल हैं। इनमें 630 जूनियर हाईस्कूल और 1091 प्राथमिक स्कूल हैं। मदरसा और संस्कृत विद्यालय भी इनमें शामिल हैं। बांदा में परिषदीय स्कूलों में अध्ययनरत बच्चे 2,24,792 हैं। जूनियर में 68,792 छात्र-छात्राएं हैं। कक्षाएं शुरू होने के साथ ही मिड-डे मील भी रोजाना बनेगा। जिले में माध्यमिक शिक्षा परिषद के 189, सीबीएसई बोर्ड के 6, संस्कृत शिक्षा बोर्ड के 20 और मदरसा शिक्षा बोर्ड के 25 विद्यालय भी खुल जाएंगे। डीआईओएस विनोद सिंह ने कहा कि प्रधानाचार्यों को निर्देशित किया गया कि वह निर्देशों के मुताबिक कक्षाएं शुरू कराएं।
कक्षाओं में मास्क, सोशल डिस्टेंस जरूरी
बांदा। हर स्कूल में छात्र-छात्राओं की थर्मल स्क्रीनिंग और कक्षाओं में बच्चों के बैठने में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन किया जाएगा। स्कूल में दाखिल होने से पहले गेट पर ही बच्चों के हाथों को सैनिटाइज/धुलवाए जाएंगे। साथ ही उनका मास्क चेक होगा। अध्यापक और स्कूल स्टाफ पर भी यह गाइडलाइन लागू रहेगी। जिन बच्चों के पास मास्क नहीं होगा, उन्हें प्रधानाचार्य मुहैया कराएंगे। (संवाद)
विज्ञापन

इंसेट---
ऑनलाइन दी जा रही थी शिक्षा
बांदा। माध्यमिक शिक्षा की तर्ज पर परिषदीय स्कूलों के बच्चों को भी कोरोना काल में ऑनलाइन शिक्षा दी जा रही थी। शिक्षक स्कूलों से ऑनलाइन कक्षाएं संचालित कर रहे थे। वर्चुअल कक्षाओं में मात्र 40 फीसदी बच्चे ही शामिल हो सके। ग्रामीण क्षेत्रों में मोबाइल फोन हरेक छात्र-छात्रा के पास उपलब्ध न होने से भी पढ़ाई में बाधा आई। (संवाद)
इंसेट---
प्रबंध समिति अभिभावकों को करेगी प्रेरित
बांदा। बच्चों को स्कूल आने के लिए बाध्य नहीं किया जाएगा। प्रबंध समिति के माध्यम से अभिभावकों को बच्चों को स्कूल भेजने के लिए जागरूक और प्रेरित किया जाएगा। बीएसए हरिश्चंद्र नाथ ने बताया कि प्रधानाचार्यों को गाइडलाइन का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। (संवाद)
इंसेट---
स्कूल में कक्षाओं का शेड्यूल
प्राइमरी स्कूल---
कक्षा- एक व 5 : सोमवार व गुरुवार
कक्षा- 2 व 4 : मंगलवार व शुक्रवार
कक्षा- 3 : बुधवार और शनिवार
इंसेट---
जूनियर स्कूल---
कक्षा-6 : सोमवार व गुरुवार
कक्षा-7 : मंगलवार व शुक्रवार
कक्षा-8 : बुधवार व शनिवार
इंसेट---
मंडल के तीनों माध्यमों के स्कूलों का ब्योरा---
जिला जूनियर स्कूल प्राथमिक स्कूल माध्यमिक स्कूल
बांदा 630 1091 240
चित्रकूट 446 843 109
महोबा 348 501 33
हमीरपुर 375 795 42
इंसेट---
जूनियर के 45 हजार छात्र-छात्राएं फिर करेंगे पढ़ाई
चित्रकूट। कोविड 19 के चलते बंद चल रहे स्कूलों में अब जल्द चहल पहल दिखेगी। जिले के 446 जूनियर हाईस्कूल के 45 हजार छात्र-छात्राएं स्कूल आना शुरू करेंगे। जिले के जूनियर व माध्यमिक के कुल 555 विद्यालयों को खोलने की तैयारी पूरी हो चुकी है। डीआईओएस बलिराज राम ने बताया कि माध्यमिक विद्यालयों में कुल 109 विद्यालय के 36 हजार छात्रों के स्कूल जाने का रास्ता साफ हो चुका है। इस दौरान सभी विद्यालयों में कोरोना गाइड लाइन का पालन कराया जाएगा। बीएसए ओमकार राणा ने बताया कि जूनियर स्कूलों में सुरक्षा के सभी उपाय किए जाएंगे। हालांकि, जिले में अब कोरोना का खतरा बहुत कम हो गया है जिससे शिक्षण कार्य में तेजी आएगी। जिले में प्राथमिक स्कूल 843 और छात्रों की संख्या लगभग एक लाख है। ये छात्र भी मार्च में स्कूल जाना शुरू करेंगे। (संवाद)
इंसेट---
दोबारा फिर जूनियर हाईस्कूल के गेट खुलेंगे
महोबा। कोरोना काल में बंद हुए जूनियर और माध्यमिक स्कूलों में 10 फरवरी से नियमित पढ़ाई शुरू होगी। इस बाबत शासन ने सभी स्कूलों के प्रबंधकों और प्रधानाचार्यों को आदेश दे दिए हैं। जिले के 348 जूनियर हाईस्कूल के 28 हजार 546 बच्चे दस माह बाद फिर से स्कूल जाएंगे। प्राथमिक स्कूल पूरे जिले में 501 हैं, जबकि यहां पर 63500 बच्चे पढ़ते हैं। माध्यमिक शिक्षा विभाग के स्कूलों में नियमित तौर पर 10 फरवरी से पढ़ाई का सिलसिला प्रारंभ होगा। जिले में माध्यमिक शिक्षा विभाग के 20 हाईस्कूल और 13 इंटर कालेजों में 46 हजार 513 बच्चे अध्ययनरत है। इनमें 24 हजार 139 छात्र व 22 हजार 374 छात्राएं हैं। (ब्यूरो)
इंसेट---
61 हजार नौनिहाल दस से जाएंगे स्कूल
हमीरपुर। बीएसए सतीश कुमार ने बताया कि जिले में कुल 1221 परिषदीय विद्यालय संचालित हैं। जनपद में 795 प्राइमरी, 375 जूनियर विद्यालय हैं। वहीं छह सहायता प्राप्त, आठ राजकीय विद्यालय, 22 इंटरमीडिएट, एक मदरसा, तीन कांशीराम प्राथमिक, एक अल्पसंख्यक कल्याण विभाग से सहायता प्राप्त मदरसा, एक जीजीआईसी समेत माध्यमिक स्कूल हैं। परिषदीय में 169 कंपोजिट विद्यालय कर दिए गए हैं। परिषदीय विद्यालयों में कुल एक लाख 16 हजार नौनिहाल शिक्षा ग्रहण कर रहे, जबकि प्राइमरी विद्यालय में 61 हजार बच्चे शिक्षा ले रहे हैं। वहीं जूनियर विद्यालय में 55 हजार बच्चे शिक्षा ले रहे हैं। 10 फरवरी से जूनियर विद्यालय खुलने हैं। जिसको लेकर तैयारी पूरी की जा रही है। (संवाद)
इंसेट---
जालौन में 332 जूनियर हाईस्कूल होंगे शुरू
उरई (जालौन)। जिले में बेसिक शिक्षा विभाग के प्राइमरी स्कूल 959 है, जिसमें 95758 बच्चे अध्ययनरत हैं। वहीं, जूनियर हाईस्कूल के 332 विद्यालय है। जिसमें 35,479 बच्चे पढ़ाई कर रहे है। इसके अलावा एक से कक्षा आठ तक के कंपोजिट 228 विद्यालय है। बीएसए प्रेमचंद यादव ने बताया कि जिले में कुल 1510 परिषदीय स्कूल संचालित हैं, जिसमें 131237 बच्चे पढ़ाई कर रहे है। स्कूलों का संचालन शासन के आदेश पर शुरू होना है। इसकी तैयारियां कर दी गई है। बीईओ को इसके लिए दिशा निर्देश भी जारी कर दिए गए हैं। उधर, डीआईओएस भगवत पटेल ने बताया कि जिले में 238 माध्यमिक विद्यालय हैं, जिसमें संस्थागत के रूप में 78492 बच्चे अध्ययनरत हैं, जबकि 650 प्राइवेट में पढ़ रहे है। (संवाद)
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें