बदौसा। नरैनी ब्लॉक क्षेत्र की ग्राम पंचायत बदौसा के प्राथमिक विद्यालय खटेहटा अंश बदौसा में बारिश के बाद हालात बिगड़ गए हैं।
विद्यालय परिसर चारों तरफ से पानी से घिरा है। मुख्य गेट, हैंडपंप और परिसर के आसपास जलभराव होने से बच्चों का स्कूल पहुंचना मुश्किल हो गया है। इससे उनकी पढ़ाई भी ठप सी हो गई है।
विद्यालय में प्रधानाध्यापक रामराज कुशवाहा, शिक्षामित्र अरविंद कुमार और सहायक अध्यापक नीतेश ड्यूटी पर मौजूद रहकर विद्यालय की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। शिक्षक विद्यालय पहुंच रहे हैं लेकिन बच्चों के न पहुंचने से कक्षाओं का संचालन प्रभावित है।
ग्रामीण राममूरत, कमलाकांत, संतोष कुमार कुशवाहा, मुकेश सैनी आदि ने बताया कि विद्यालय में जलभराव की समस्या नई नहीं है। हर साल बारिश के मौसम में स्कूल और उसके आसपास पानी भर जाता है। विद्यालय परिसर के कुछ हिस्से में मिट्टी डालकर ऊंचा कराया गया है लेकिन शौचालय, रसोई और हैंडपंप वाले हिस्से की जमीन नीची होने से वहां पानी जमा हो जाता है।
मुख्य गेट के सामने भी जलभराव रहता है। इस बार अधिक बारिश और समुचित जलनिकासी की व्यवस्था न होने से समस्या और गंभीर हो गई है।
एकमात्र स्कूल, फिर भी हर साल समस्या
बदौसा ब्लॉक बनाओ संघर्ष समिति के संयोजक संतोष कुशवाहा ने बताया कि गांव के बच्चों के लिए यह एकमात्र प्राथमिक विद्यालय है। हर वर्ष बारिश में जलभराव होने से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होती है। ग्रामीणों ने प्रशासन से विद्यालय परिसर को और ऊंचा कराने के साथ जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था कराने की मांग की है, ताकि बरसात में हर साल पैदा होने वाली समस्या का स्थायी समाधान हो सके।