बांदा। लंबे समय से नदारद 28 रोडवेज चालक व परिचालक जल्द ड्यूटी पर नहीं लौटे तो उनकी संविदा समाप्त हो सकती है। इनमें 18 संविदा कंडक्टर और 10 ड्राइवर शामिल हैं। उन्हें सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक (एआरएम) ने नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।
एआरएम परमानंद ने बताया कि पिछले दो माह से बिना किसी सूचना के परिचालक और चालक नदारद हैं। परिचालकों में अभिषेक दुबे, बुधराज सिंह, कृष्णकांत गुप्ता, मनोज शुक्ला, मार्कंडेय त्रिपाठी, राहुल कुमार, राकेश द्विवेदी, रामलखन यादव, सालिगराम, संदीप कुमार, संतोष कुमार यादव, सत्यप्रकाश द्विवेदी, शिव नायक सिंह, शिवम चौरसिया, सुधीर कुशवाहा, सुशील तिवारी, योगेंद्र सिंह चौहान व शिव विजय सिंह और चालकों में बिंदा प्रसाद, बृजेंद्र कुमार यादव, धीरज कुशवाहा, गिरीशचंद्र यादव, केके सिंह, मलखान सिंह, मुनेंद्र सिंह, राजाराम, रामगमन आदि शामिल हैं।
इन्हें पूर्व में भी कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था, लेकिन न तो यह ड्यूटी में उपस्थित हुए और न ही नोटिस का जवाब दिया। ऐसे में सभी चालक और परिचालकों को संविदा समाप्त की नोटिस दी गई है। 25 मई तक कार्यालय में उपस्थित होकर संतोषजनक जवाब नहीं दिया तो सभी की संविदा समाप्त कर दी जाएगी। बताया कि कर्मियों की अनुपस्थिति से परिवहन निगम को लाखों रुपये की क्षति उठानी पड़ रही है। रोडवेज बस परिचालन में व्यवधान पैदा हो रहा है।
बाजार बंद कराने गई पुलिस पर हमला
करतल। लॉकडाउन के दौरान खुली साप्ताहिक लक्ष्मी बाजार को बंद कराने पहुंची पुलिस पर सब्जी विक्रेता ने हमला कर दिया। हालांकि, आरोपी हमलावर को मानसिक बीमार बताया गया है। चौकी प्रभारी रामचंद्रन ने फोर्स के साथ लक्ष्मी बाजार पहुंचकर लॉकडाउन का उल्लंघन कर रहे व्यापारियों पर सख्ती दिखाई तो सब्जी विक्रेता उग्र हो गए। एक सब्जी विक्रेता ने हमला कर दिया। चौकी प्रभारी ने बताया कि व्यापारियों को कई बार साप्ताहिक बाजार के दिन दुकानें बंद रखने व सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने के लिए कहा गया है। पुलिस पार्टी पर हमला करने वाला मानसिक रूप से बीमार है। (संवाद)
संक्रमण को बढ़ावा दे रहीं चाट की दुकानें
बांदा। चौकी कालवनगंज में लॉकडाउन का खुला उल्लंघन हो रहा है। शाम होते ही छोटी बाजार, बन्योटा में चाट-पकौड़ी की दुकानें खुल जाती हैं। इनमें जमा होने वाली दर्जनों की भीड़ से जहां जाम लग रहा। पुलिस महज क्षेत्र के किसी एक चौराहे पर खड़े होकर मास्क न लगाने वालों का चालान कर खानापूरी में जुटे रहते हैं। चौकी से चंद कदम दूर जैन धर्मशाला के पास, बन्योटा में शाम होते ही चाट-पकौड़ी, डोसा आदि की दुकानें सज जाती हैं। मोहल्ले के मोहसिन, कल्लू, नंदू आदि का आरोप है कि पुलिस को कोरोना को बढ़ावा देने वाली यह दुकानें नजर नहीं आ रहीं। कोतवाली प्रभारी जयश्याम शुक्ला का कहना है कि वह खुद छोटी बाजार में भ्रमण कर कफ्र्यू का पालन कराएंगे। (संवाद)